गोल बाजार रामलीला में दशरथ मरण और भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन, दर्शक हुए भावविभोर,चित्रकूट में कोल-भीलों के नृत्य और कलाकारों के सजीव संवादों ने बांधा समां, रामलीला मैदान में उमड़ी दर्शकों की भीड़
कटनी। गोल बाजार में आयोजित पारंपरिक रामलीला में बुधबार को महंत धरमराज पाठक की मंडली के कलाकारों ने रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण एवं जीवंत मंचन किया। रामलीला के दौरान दशरथ मरण, भरत मिलाप तथा चित्रकूट में कोल-भीलों के नृत्य और संवादों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों के सशक्त अभिनय, प्रभावशाली संवाद और प्रसंगों की मार्मिक प्रस्तुति ने रामलीला मैदान में उपस्थित श्रद्धालुओं को देर तक बांधे रखा।
रामलीला के मंचन में राजा दशरथ के पुत्र वियोग में प्राण त्यागने के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। भगवान श्रीराम के वनवास के बाद अयोध्या में छाए शोक और राजा दशरथ की व्याकुलता को कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान रामायण के करुण प्रसंगों ने दर्शकों के मन में पारिवारिक प्रेम, त्याग और मर्यादा के भाव जागृत किए।
इसके बाद भरत मिलाप के प्रसंग का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के प्रति भरत के अगाध प्रेम, समर्पण और त्याग को कलाकारों ने सजीव रूप में प्रस्तुत किया। भरत द्वारा श्रीराम को अयोध्या लौटने के लिए मनाने और श्रीराम द्वारा अपने कर्तव्य एवं पिता की आज्ञा का पालन करने के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। दोनों भाइयों के मिलन के दृश्य में रामलीला मैदान तालियों से गूंज उठा।
चित्रकूट में कोल-भीलों के नृत्य और संवादों की प्रस्तुति ने रामलीला में लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। कलाकारों ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य और संवादों के माध्यम से वनवासी समाज की आत्मीयता तथा भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा को दर्शाया। महंत धरमराज पाठक की मंडली के कलाकारों ने अपने अभिनय से सभी प्रसंगों को प्रभावशाली बनाया।
रामलीला के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ मंचन का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। गोल बाजार की रामलीला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, भरत अग्रवाल, उपाध्यक्ष रवि खरे, शरद अग्रवाल, रामजी यादव, धर्मेंद्र तिवारी, सचिन तिवारी, अंतिम गुप्ता, रोहित सेन, तपन निषाद, पत्रकार मुकेश तिवारी, पत्रकार अनिल तिवारी, राहुल उपाध्याय, अंकुश रजक, रणवीर कर्ण, कौशल मिश्रा, पारस जैन, मनोज बाझल, अजय माली, अमृत लाल बर्मन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














