आपका सारथी कौन’ अभियान के साथ ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ का संदेश, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को वितरित किए गए QR कोड एवं चालक बैज

‘आपका सारथी कौन’ अभियान के साथ ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ का संदेश, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को वितरित किए गए QR कोड एवं चालक बैज
कटनी /पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना यातायात कटनी द्वारा “आपका सारथी कौन” अभियान के साथ पुलिस मुख्यालय भोपाल के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आज मुख्य रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा की उपस्थिति में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक मनीष बर्मन, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह एवं यातायात स्टाफ द्वारा 80 से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को QR कोड एवं चालक बैज (Driver Badge) वितरित किए गए। QR कोड के माध्यम से चालक एवं वाहन की जानकारी उपलब्ध होने से यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर चालकों, रेल यात्रियों एवं आम नागरिकों को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभावों एवं नशे की अवस्था में वाहन चलाने के गंभीर परिणामों के बारे में जागरूक किया गया तथा सभी को नशा न करने एवं दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
थाना प्रभारी यातायात द्वारा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित वर्दी एवं नेम प्लेट पहनने, यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्कूल ऑटो संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन, क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाने तथा सेफ्टी बार लगाने की समझाइश दी गई।
कटनी यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि नशे से दूर रहें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपना सहयोग दें।








