यूपीआई के माध्यम से व्यापारी के खाते से उड़ा दिए 3.14 लाख रुपये, पुलिस कर रही मामले की जां
कटनी -कैमोर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गया। शातिर साइबर बदमाशों ने युवक के बैंक खाते से लाखों रुपये पार कर दिए। पीड़ित युवक में थाने जा कर मामले की शिकायत किया है, जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर कैमोर पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। ऑनलाइन ठगी की वारदात के संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार कैमोर के खलवारा बाजार निवासी विनीत गुप्ता पिता रामप्रसाद गुप्ता उम्र 34 वर्ष को साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। विगत 12 अप्रैल की सुबह 10:00 बजे से लेकर 15 अप्रैल की दोपहर 03:00 बजे के बीच बदमाशों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया जिसकी भनक तक पीड़ित को नहीं लगी। ठगों ने किस्तों में उसके बैंक खाते से कुल 3 लाख 14 हजार रुपये गायब कर दिए। बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज जब युवक को मिला तो उसके पैरों तले से मानो जमीन खिसक गई। जब युवक ने बैंक से संपर्क किया, तब उसे ज्ञात हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। बैंक से विस्तृत जानकारी लेने के बाद पीड़ित युवक यानी विनीत गुप्ता ने कैमोर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात यूपीआई खाताधारक के खिलाफ मामला कायम कर लिया है।कैमोर थाना पुलिस की माने तो मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी की यह वारदात किसी अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों के गिरोह के द्वारा करने की आशंका व्यक्त की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

