कटनी में नहीं रूक रही 24 ट्रेनें, कटनी विकास समिति ने पमरे जीएम से की ठहराव देने की मांग
कटनी में नहीं रूक रही 24 ट्रेनें, कटनी विकास समिति ने पमरे जीएम से की ठहराव देने की मां
कटनी। कटनी जंक्शन पर बिना रूके चलने वाली लंबी दूरी की 12 जोड़े यात्री ट्रेनों का कटनी में दो मिनट का ठहराव देने की मांग एक बार फिर बुलंद होने लगी है। कटनी विकास समिति ने इस संबंध में एक ज्ञापन पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह को सौंप कर कटनी में बिना रूके चलने वाली ट्रेनों का ठहराव कटनी में देने की मांग की है। पमरे महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह को सौंपे गए ज्ञापन में कटनी विकास समिमि ने बताया कि कटनी पश्चिम मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण जंक्शन होने के साथ ही मध्य प्रदेश का एक प्रमुख व्यापारिक केन्द्र है। यहां से पांच दिशाओं के लिए ट्रेनें चलती हैं। इसके बावजूद रेलवे के द्धारा चलाई जा रही 12 जोड़े यात्री ट्रेनें ऐसी हैं जो शहरवासियों को मुंह चिढ़ाते हुए यहां से गुजर जाती है। ऐसा भी नहीं है कि इन ट्रेनों को हमेशा कटनी से थ्रू निकलने मिल जाता है बल्कि ये ट्रेनें लाइन क्लीयर न होने की वजह से कटनी के आउटरों व प्लेटफार्म पर खड़ी रहती हैं। इसलिए बेहतर यही होगा कि इन ट्रेनों को भी कटनी में ठहराव देकर चलाया जाए। जिससे शहरवासियों को भी इन ट्रेनों में सफर करने का लाभ मिल सके। कटनी विकास समिति का कहना है कि इनमें से अधिकांश ट्रेनें सतना व जबलपुर में रुकती हैं पर 100 किमी के दायरे में स्थित कटनी की उपेक्षा हो रही है। कटनी विकास समिति ने बताया कि 15 लाख की आबादी वाले कटनी जिले सहित कटनी से लगे क्षेत्रों के यात्रियों को जबलपुर व सतना जाकर ट्रेन पकडऩी पड़ती है। रेलवे को कटनी से संभावित हजारों यात्रियों का टिकट राजस्व नहीं मिल पा रहा है।

