2019 में शिवसेना अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव

मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच गठबंधन टूटने जा रहा है। शिवसेना ने कहा है कि वो जल्द भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन छोड़ देगी। मुंबई में हुई शिवसेना कार्यकारिणी की बैठक में शिवसेना सांसद संजय राउत ने घोषणा करते हुए कहा कि हम 2019 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे।
उन्होंने कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए कहा कि इस गठबंधन के होने के बाद से पिछले कुछ सालों में हमने इसे बनाए और बचाए रखने की काफी कोशिश की लेकिन अब हम इससे अलग होंगे।
बैठक में एनडीए से गठबंधन तोड़ने का प्रस्ताव संजय राउत लेकर आए जिसे सभी ने मंजूरी दे दी। बता दें कि शिवसेना लगातार अपने सहयोगी दल भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार की आलोचना करती आई है। इससे पहले भी महाराष्ट्र में शिवसेना गठबंधन तोड़ने की धमकी दे चुकी है।
पिछले साल दिसंबर में भी शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे ने कहा था कि उनकी पार्टी एनडीए से एक साल में अलग होकर बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।






