Latestमध्यप्रदेश

अच्छी खबर :दुष्कर्म पीड़िता के लिए पुलिसकर्मियों ने ढूंढा वर, फिर शादी कर किया कन्यादान

होशंगाबाद। देशभक्ति जनसेवा का सूत्रवाक्य आत्मसात करने वाले पुलिस महकमे ने होशंगाबाद में ऐसी नजीर पेश की है जो समाज के लिए मिसाल बन गई है। दो साल पहले दुष्कर्म का शिकार हुई पीड़िता के लिए वर ढूंढने से लेकर उसके कन्यादान तक की रस्म होशंगाबाद अजाक एसपी अंजुलता पटले, आरक्षक अश्विनी वर्मा और उनकी पत्नी रश्मि वर्मा ने निभाई।

पुलिस कर्मियों के लिए यह सब करना आसान नहीं था। दरअसल वर्ष 2016 में अधेड़ द्वारा दुष्कर्म किए जाने के बाद पीड़िता को दिल दहला देने वाले हालातों का सामना करना पड़ा। घटना के बाद पीड़िता की मां मनोरोगी हो गई। गांव वालों ने और करीबी परिजनों ने गांव से ही बाहर कर दिया था। अपनों ने ही जब पीड़िता का साथ छोड़ा तो वह गांव के बाहर ही एक झोपड़ी बनाकर रहने लगी। घटना के वक्त पीड़िता नाबालिग थी।

दो माह पहले पहुंची अजाक थाने

पीड़िता दो माह पहले अजाक थाने पहुंची और यहां पदस्थ आरक्षक अश्विनी वर्मा से मिली जहां हालातों के बारे में बताया। आरक्षक वर्मा ने एसपी अंजुलता पटले को पीड़िता की परेशानियों के बारे में बताया। एसपी पटले ने पीड़िता को हर मदद का आश्वासन दिया और अपने स्टॉफ को भी निर्देशित किया।

वर ढूंढने से लेकर कन्यादान तक किया

पीड़िता के लिए वर ढूंढने के लिए आजाक थाने के स्टॉफ ने प्रयास करना शुरू कर दिया। आरक्षक अश्विनी वर्मा ने बताया कि इटारसी थाने में पदस्थापना के दौरान एक होटल कर्मचारी से मुलाकात हुई थी। उन्होंने उक्त कर्मचारी से फिर से संपर्क कर पीड़िता के बारे में बताया तो वह युवक विवाह के लिए तैयार हो गया। पुलिसकर्मियों ने पीड़िता की मुलाकात उस युवक से कराई और दोनों विवाह के लिए राजी हो गए। 18 अप्रैल को दोनों का विवाह कराया गया। आरक्षक अश्विनी वर्मा और उनकी पत्नी रश्मि वर्मा ने वधु का कन्यादान भी किया।

आगे भी जारी रहेंगे प्रयास

पीड़िता की मदद करने के लिए एक पहल की है, इस प्रयास में हम सफल भी हुए हैं। थाने के आरक्षक ने पीड़िता का कन्यादान किया है। इस तरह के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

– अंजुलता पटले, एसपी, अजाक

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply