हत्या के आरोपी पति-पत्नी व पुत्र गिरफ्तार
कटनी। कैमोर थाना अंतर्गत ग्राम संगवारा में कल बुधवार 14 नवबंर की दोपहर खेत से ट्रेक्टर निकालने के विवाद पर हुई एक 29 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिल गई है। हत्या के इस मामले में आरोपी पति-पत्नी व उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उधर वारदात के बाद से ही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है तथा आज भी कैमोर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गांव में मौजूद रहे। गौरतलब है कि कल 14 नवबंर बुधवार की दोपहर ग्राम संगवारा निवासी राजकुमार पटेल व लालजी पटेल के बीच पानी से भरे खेत से ट्रेक्टर निकालने को लेकर विवाद हो गया।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद बढ़ा तो लालजी पटेल, उसकी पत्नी सिया बाई पटेल व उनके पुत्र अर्जुन पटेल ने लाठी, डंडे व घूंसे से राजकुमार पटेल व उसके पुत्रों क्रमशः रूपलाल पटेल व अनूप पटेल पर हमला कर दिया था। इस हमले में अनूप पटेल की मौत हो गई थी जबकि राजकुमार पटेल व रूपलाल पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया और अनूप की लाश अपने अधिकार में लेकर आज उसका शवपरीक्षण कराया। साथ ही आरोपी लालजी पटेल, उसकी पत्नी सिया बाई पटेल व पुत्र अर्जुन पटेल के विरूद्ध हत्या व हत्या के प्रयास का मामला धारा 302, 307, 34 के तहत दर्ज कर सभी को फरार होने के पूर्व ही दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

