MP का विधानसभा सत्र कल सोमवार से शुरू होगा चार दिवसीय इस सत्र में पहले दो दिन निर्वाचित सदस्यों को सामयिक अध्यक्ष गोपाल भार्गव द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। भाजपा ने नरेंद्र सिंह तोमर के नाम इस पद के लिए तय किया है। विधानसभा में दलीय स्थिति को देखते हुए निर्विरोध निर्वाचन तय लग रहा है। सरकार वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत कर सकती है।
210 विधायकों ने कराया पंजीयन
विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक 210 विधायकों द्वारा अपने आवश्यक दस्तावेज जमा करने के साथ पंजीयन कराया जा चुका है। शेष नवनिर्वाचित विधायकों की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए विधानसभा सचिवालय में बनाए स्वागत कक्ष में अधिकारी उपस्थित रहेंगे और विधायकों का पंजीयन करेंगे।
बुधवार को होगा अध्यक्ष का चुनाव
बुधवार को अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। विधानसभा में 163 सदस्य भाजपा के हैं, इसलिए निर्विरोध निर्वाचन होगा। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिमनी से निर्वाचित नरेंद्र सिंह तोमर का नाम तय किया है। तोमर के रूप में पहली बार विधानसभा का अध्यक्ष ग्वालियर-चंबल अंचल से बनेगा। अभी तक अधिकतर समय विंध्य और महाकोशल अंचल से अध्यक्ष बनते आए हैं।











