पटना। बिहार के सुपौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल की चर्चा इन दिनों जोरों पर है. त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के महेशुआ पंचायत वार्ड नंबर- 6 के लक्ष्मीपुर गांव के निवासी और पीएम नरेंद्र मोदी की तरह दिखने वाले बच्चा शर्मा की ख्याति अब गांव देहात से निकल कर चारों ओर फैल रही है, जिन्हें लोग ‘सेकेंड मोदी’ कहकर भी पुकारते हैं. बच्चा शर्मा सिर्फ पीएम के हमशक्ल ही नहीं हैं, बल्कि पीएम द्वारा देश में चलाई जा रही स्वच्छता और दूसरे अभियानों को साकार करने के प्रयास में लगे रहते हैं.
सामाजिक सरोकार रखने वाले बच्चा शर्मा पीएम मोदी की सभी योजनाओं को मूर्तिरुप देने के लिए सुबह- सबेरे घर से निकल पड़ते हैं. स्वच्छता अभियान से लेकर शौचालय की बात को लेकर वो घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करते हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने शौचालय बनाने के लिए गांव में ही एक युवक को टैंक पाइप बनाने की सलाह दी ताकि लोगों को शौचालय बनाने में परेशानी न हो. लोग बच्चा शर्मा की बातों का अनुसरण भी कर रहे हैं.
खास बात यह है कि बच्चा शर्मा केवल बात ही नहीं करते हैं, बल्कि पीएम मोदी को खुद फॉलो भी करते हैं. उन्होंने पहले खुद अपना शौचालय बनाया और फिर लोगों को शौचालय बनाने की सलाह दी. बच्चा शर्मा रोज सुबह उठकर घर के बाहर साफ-सफाई करते हैं. मवेशियों को चारा देने और मंदिर में पूजा करने के बाद वो लोगों से मिलने के लिए निकल जाते हैं. लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी देते हैं. आसपास के गांव में होने वाले ग्रामीण स्तर के पंचायत में भी बच्चा शर्मा अहम भूमिका अदा करते हैं.
चुनाव भी लड़ चुके है बच्चा शर्मा
बच्चा शर्मा मुखिया का चुनाव भी लड़ चुके है. हालांकि वो सफल नहीं हो सके. निम्न आय वर्ग से ताल्लुक रखने वाले बच्चा शर्मा कहते हैं कि ईश्वर ने उन्हें मोदी जैसा चेहरा दिया है और मोदी जी देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं तो उन्हें गर्व होता है.
उनका कहना है कि जिंदा रहने तक वो मोदी जी के जनहित से जुड़ी योजनाओं का इसी तरह प्रचार-प्रसार करते रहेंगे. वो मोदी की विदेश यात्रा से लेकर भारत में हो रही राजनीतिक चर्चा पर भी अपडेट रहते हैं. बच्चा शर्मा की एक बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की तमन्ना है. बकौल बच्चा शर्मा, पीएम मोदी अपने हमशक्ल को देख कर दंग रह जाएंगे,
तब मैं समझूंगा कि मुझे स्वर्ग मिल गया.