Sunday, May 17, 2026
Latest:
Entertainmentमनोरंजन

सुशांत सिंह राजपूत मामला : मुंबई पुलिस ने कंगना रनौत को बुलाया! खबरों पर एक्ट्रेस ने दिया रिएक्शन

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) द्वारा उठाए गए आत्महत्या के कदम के बाद फिल्म इंडस्ट्री में जैसे भूचाल सा आ गया. इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म का मुद्दा जोरों-शोरों से उठाया गया और इसके चलते कई फिल्म मेकर्स और स्टारकिड्स लोगों के निशाने पर आ गए. वहीं इस बीच एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने भी वीडियो जारी कर इंडस्ट्री में नेपोटिज्म के मुद्दे पर बात की थी. इसके बाद हाल ही में ऐसी खबरें आईं कि सुशांत मामले में चल रही पुलिस जांच के दौरान मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने अब एक्ट्रेस कंगना रनौत को पूछताछ के लिए बुलाया. इन खबरों को कंगना रनौत ने नकारते हुए पोस्ट जारी किया है.

कंगना रनौत तो सोशल मीडिया पर नहीं हैं लेकिन उनकी सोशल मीडिया टीम के ट्विटर अकाउंट के जरिए उन खबरों का खंडन किया गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि मुंबई पुलिस ने सुशांत मामले में पूछताछ के लिए कंगना को बुलाया है. इस मामले पर कंगना रनौत की सोशल मीडिया टीम ने एक ट्वीट शेयर किया गया है. जिसमें कहा गया है कि ‘मुंबई पुलिस की तरफ से कंगना रनौत को अब तक ऐसा कोई अनुरोध नहीं किया गया है, लेकिन ऐसा कुछ होने पर वह जरूर सहयोग करना पसंद करेंगी.’ यहां देखें ये ट्वीट-

बता दें कि एक्ट्रेस कंगना रनौत ने काफी पहले ही बॉलीवुड में नेपोटिज्म का मुद्दा उठाया था और इसे लेकर मीडिया के सामने भी खुलकर बोलती दिखाई दी थीं. वहीं सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद भी उन्होंने एक वीडियो जारी कर उनकी आत्महत्या के लिए नेपोटिज्म को जिम्मेदार ठहराया था. उनका कहना था कि कहीं सुशांत की मौत एक योजनाबद्ध तरीके से किया गया मर्डर तो नहीं है!

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने मुंबई स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. 34 साल की उम्र और बॉलीवुड में अच्छी-खासी सफलता हासिल करने के बाद भी सुशांत द्वारा उठाए गए इस कदम पर सभी हैरान हैं. हर कोई अपने सवालों का जवाब ढूंढ़ रहा है.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम