मध्यप्रदेश

सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष VD शर्मा ने की रेल बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात, कई क्षेत्रीय मांगों को रखा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को भारत सरकार के रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सुनीत शर्मा से मुलाकात कर संसदीय क्षेत्र की विभिन्न मांगों के संबंध में चर्चा की।

श्री शर्मा ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से चर्चा करते हुए ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन में भू अधिग्रहण के बदले रोजगार उपलब्ध कराने, उत्तरप्रदेश संपर्क क्रांति एवं उदयपुर इंटरसिटी का डुमरा (सिंहपुर) में स्टॉपेज किये जाने को लेकर चर्चा की।

साथ ही उन्होंने पन्ना-सतना नई रेल लाइन के लिए 2021-22 के बजट प्रावधान में वृद्धि करने का आग्रह भी किया जिससे कार्य तीव्र गति से हो सके तथा क्षेत्रवासियों को इन सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

श्री शर्मा ने कहा कि खजुराहो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों में से एक है, यहाँ शताब्दी एवं वन्दे भारत जैसी ट्रेन चलाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार में भी वृद्धि होगी। श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री शर्मा से खजुराहो संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं से जुडे़ अन्य विषयों पर भी चर्चा की।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम