सलवार सूट में होने के कारण प्रीति को नहीं मिला महाकाल गर्भगृह में प्रवेश

उज्जैन। फिल्म अभिनेत्री और किंग्स इलेवन पंजाब क्रिकेट टीम की ऑनर प्रीति जिंटा शनिवार दोपहर उज्जैन में ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर पूजन-दर्शन के लिए पहुंचीं। उन्होंने चेहरा ढंक रखा था। सलवार-सूट पहने होने के कारण प्रीति को गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया गया।
दरअसल, मंदिर की पूजन परंपरा अनुसार गर्भगृह में प्रवेश बंद के दौरान महिलाओं को साड़ी पहनना अनिवार्य है। प्रीति ने सलवार सूट पहन रखा था। पुजारियों ने उन्हें मंदिर परंपरा की जानकारी दी और गर्भगृह के बाहर से पूजन कराया। प्रीति ने अपनी टीम की जीत के लिए महाकाल से प्रार्थना की। वापस लौटने के दौरान उनकी मीडियाकर्मियों से बहस भी हुई। वे तस्वीर लेने पर आपत्ति जता रही थीं। प्रीति के साथ आई एक युवती नंदी हॉल से मोबाइल पर भगवान महाकाल के चित्र लेती रही। जबकि आईबी के निर्देश पर मंदिर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। यह सब पुलिसकर्मी, मंदिर कर्मचारी और पुजारी देखते रहे, मगर किसी ने भी नहीं रोका। टीम की जीत के लिए प्रीति ने यहां विशेष पूजा की। प्रीति को हालांकि कुछ फैन्स पहचान गए लेकिन कड़ी सुरक्षा के बीच प्रीति तेजी से वीआईपी द्वार से मंदिर के भीतर पहुंची और फिर पूजा करने के बाद तेजी से उसी द्वार से वापस निकल गई।
<प्रीति पहुंची बाबा महाकाल के द्वार, इस तरह किए दर्शन-02
महाकाल के बाद प्रीति मंगलनाथ भी पहुंची और वहां भी उन्होंने टीम की जीत के लिए विशेष पूजा की। इसके बाद उन्होंने काल भैरव के भी दर्शन किए।
<
प्रीति की टीम किंग्स इलेवन पंजाब अब तक IPL 2018 में 9 मैच खेल चुकी है जिनमें से 5 में उसे जीत मिली और 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा। 6 मई को किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से है। ऐसे में टीम इस मुकाबले को जीतकर प्ले ऑफ्स के लिए अपना दावा मजबूत करना चाहेगी। वैसे तो किंग्स इलेवन पंजाब के लिए इंदौर का होलकर स्टेडियम लकी रहा है लेकिन टीम को इस आईपीएल के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा। किंग्स इलेवन ने इंदौर को अपना सेकंड होम ग्राउंड बनाया है। किंग्स इलेवन इस सीजन में इंदौर में कुल 4 मैच खेल रही है। एक मैच हो चुका है और 3 मैच बाकी है। किंग्स इलेवन 6 मई को राजस्थान रॉयल्स से, 12 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स और 14 मई को रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु के खिलाफ खेलेगी।








