
Rajasthan Assembly Election 2023:सचिन पायलट और सारा की जुदा हुईं राहें, चुनावी हलफनामे में कांग्रेस नेता ने खुद को बताया तलाकशुदा, ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी । राजस्थान के डिप्टी सीएम रह चुके दिग्गज कांग्रेस नेता सचिन पायलट अब तलाकशुदा हैं. उनके इस स्टेटस के बारे में किसी को खबर नहीं थी. राजस्थान में चुनाव नहीं होते तो हो सकता था कि ये बात दबी ही रह जाती. लेकिन चुनावी हलफनामे में सचिन पायलट ने खुद खुलासा किया है कि वे और उनकी पत्नी सारा अब साथ नहीं हैं. उन्होंने हलफनामे में दर्ज किया है कि वह तलाकशुदा हैं.
तलाकशुदा सचिन..
सचिन पायलट ने राजस्थान की टोंक विधानसभा सीट से आगामी चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन दाखिला किया. उन्होंने हलफनामे में उल्लेख किया कि वह तलाकशुदा हैं. हलफनामे में पायलट ने कहा कि उनके बच्चे-आरान पायलट और वेहान पायलट उन पर निर्भर हैं. सचिन पायलट द्वारा तलाक की जानकारी शेयर करने के बाद उनके और उनकी पत्नी रहीं सारा की लव स्टोरी की चर्चा एक बार फिर होने लगी है.
ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी
बता दें कि सारा नेशनल कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की बेटी और उमर अब्दुल्ला की बहन हैं. वहीं, सचिन पायलट कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे राजेश पायलट के बेटे हैं. सहारनपुर में सचिन पायलट स्कूलिंग खत्म कर एमबीए करने लंदन चले गए. दूसरी तरफ कश्मीर के तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए फारूक अब्दुल्ला ने अपनी बेटी सारा को 1990 में उनकी मां के साथ लंदन भेज दिया था.
प्यार की राह नहीं थी आसान
लंदन में एमबीए की पढ़ाई के दौरान सचिन और सारा एक-दूसरे से मिले. दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती चली गई. सचिन और सारा की दोस्ती को प्यार में बदलने में वक्त नहीं लगा. लंदन में दोनों एक-साथ ज्यादा वक्त नहीं बिता पाए. तब तक सचिन की पढ़ाई पूरी हो चुकी थी और वे लंदन से भारत लौट आए थे. इंग्लैंड में रह रहीं सारा से सचिन पायलट ईमेल व फोन कॉल से बात करते रहते थे. इस बीच दोनों ने शादी का मन भी बना लिया था. दोनों ने अपने-अपने परिवार में इस रिश्ते के बारे में बताया. शादी के लिए न फारूक अब्दुल्ला तैयार हुए न ही सचिन पायलट का परिवार.
परिवार की रजामंदी के बिना शादी
सचिन और सारा ने कुछ महीनों तक इंतजार किया कि दोनों परिवार इस शादी के लिए मान जाएंगे. लेकिन हालात जस के तस बने रहे. काफी वक्त बीत गया और हालात वही बने रहे तो सचिन और सारा ने 2004 में शाकी छोटे समारोह में शादी कर ली. इस शादी में फारूक अब्दुल्ला और उनके परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ था. वक्त के साथ गिले-शिकवे दूर हुए और फारूक अब्दुल्ला भी अपनी बेटी के फैसले के साथ हो गए.







