Latest

शिवराज ‘अंगद’ कमलनाथ को बताया ‘रावण’, बीजेपी ने किया वायरल वीडियो से किनारा

भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को रामायण का अंगद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को रावण बताने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, अरूण यादव और जीतू पटवारी रावण के दरबारी दिखाए गए हैं. अमित शाह ने हाल ही में एमपी में बीजेपी सरकार को अंगद का पैर बताया था. हांलाकि बीजेपी सीधे तौर पर इस वीडियो से किनारा कर रही है.

इस वीडियो को देखकर छोटे पर्दे पर धूम मचाने वाली रामानंद सागर की रामायण की याद आना लाजमी है. लेकिन वीडियो में रावण, दरबारी और अंगद के किरदार बदल गए हैं. नया मुखौटा लगाकर अंगद की भूमिका में खड़े हैं शिवराज सिंह औऱ ज्योतिरादित्य सिंधिया, जीतू पटवारी से लेकर कमल नाथ अंगद का पैर हिलाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं. वीडियो किसने बनाया अभी नही मालूम लेकिन वीडियो की प्रेरणा यकीनन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ही हैं.

बता दें कि 4 मई को भोपाल दौरे पर आए बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि एमपी बीजेपी का गढ़ है. एमपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है उसको कोई हिला नहीं सकता. ये तय करने का काम बीजेपी कार्यकर्ताओं को करना है.


सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी कांग्रेस दोनों खेमों में हलचल मची है. कोई वीडियो का लुत्फ उठा रहा है तो कोई वीडियो देखकर परेशान है. बीजेपी के आईटी सेल के स्टेट आईटी और सोशल मीडिया सेल के प्रभारी शिवराज सिंह दाबी ने वीडियो को अपने ट्विटर पर पिन करके रखा है. फिर भी पार्टी वीडियो को अपना नहीं रही. कांग्रेस वीडियो की पुलिस में शिकायत कर रही है.

इस मामले में बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा:-

ये एमपी के दलित आदिवासी औऱ पिछड़ा वर्ग के लोगों की अभिव्यक्ति है. शिवराज जी को जो अपना नेता मानते हैं और अंगद के पांव की तरह जमे हुए हैं लगातार वो एमपी में उनकी सेवा कर रहे हैं. उनका अपमान करने का काम. नालायक जैसे शब्द बोलकर कमलनाथ कर रहे हैं. वही, अहंकार जो सामंतवादी अहंकार रावण का था वही एमपी में इन राजा महाराजा और उद्योगपतियों का दिखाई दे रहा है.

वहीं इस मामले में कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा:-

हिन्दुओं के पवित्र ग्रंथ रामायण का ये अपमान है. भगवान राम का अपमान है. हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान है. बीजेपी का रावण रूपी अहंकार इससे प्रदर्शित होता है. जनता 2018 के चुनाव में इसका जवाब देगी.

कमलनाथ ने शिवराज को मित्र कहा और साथ ही कह दिया कि कुछ मित्र लायक होते हैं कुछ नालायक. हो सकता है कि जवाब में बीजेपी की कमान से तीर से अंगद का वीडियो निकला हो.

Leave a Reply

Back to top button