Site icon Yashbharat.com

विराट अपहरण कांड : साजिश में बड़ी मां थी शामिल, पुलिस कर रही पूछताछ

बिलासपुर। बहुचर्चित विराट अपहरण कांड की गुत्थी सुलझते ही पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में बर्तन व्यावसायी विवेक सराफ की रिश्तेदार भाभी यानी विराट की बड़ी मां को हिरासत में ले लिया है।

आरोप है कि अपहरण की इस साजिश में वह भी शामिल है। यही वजह है कि विराट का अपहरण होने के बाद वह लगातार आरोपित अनिल सिंह के संपर्क में रही और लगातार बातचीत कर गोपनीय जानकारी सार्वजनिक करती रही। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जिस समय आइजी प्रदीप गुप्ता शुक्रवार को शहरवासियों को विराट के सकुशल वापसी का तोहफा देने के लिए प्रेस कांफ्रेस कर रहे थे, उसके ठीक पहले आरोपित अनिल सिंह से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि विवेक सराफ की भाभी नीता सराफ से उसका करीबी संबंध है।

अपहरण के बाद से वह लगातार नीता के संपर्क में था और मोबाइल से बातचीत कर रहा था। लिहाजा पुलिस उसे पकड़कर ले गई। गो़ंडपारा में यह खबर आग की तरह फैल गई। फिर यही चर्चा होती रही कि विराट अपहरण कांड में वह भी शामिल है। आइजी ने भी संकेत दिए है कि जब अपहरणकर्ताओं से विवेक सराफ की बातचीत हो रही थी तब यह गोपनीय जानकारी गिने-चुने पुलिस अफसरों के साथ ही परिवार के करीबी रिश्तेदारों को दी, लेकिन दूसरी बार फिरौती के लिए कॉल आया तब पुलिस के कान खड़े हो गए।

जो बात न तो मीडिया में आई थी और न ही पुलिस व परिजन के अलावा किसी और को मालूम था वह बात अपहरणकर्ताओं तक कैसे पहुंच गई। इसी से पुलिस को शक हुआ कि वारदात में परिवार के करीबी या परिचित के शामिल होने की आशंका है। फिर पुलिस ने इसी दिशा में जांच इंगित की।

इसके बाद कुछ संदेहियों को टारगेट में रखकर काम किया। यही वजह है कि पुलिस को बहुत जल्दी सफलता मिल गई। मामला सार्वजनिक होने व आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस विराट की बड़ी मां को पकड़कर पूछताछ कर रही है। हालांकि जब प्रेस कांफ्रेस हुआ तो आइजी ने आरोपितों में महिला का नाम नहीं लिया। उसे हिरासत में लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी मामले की जांच जारी है। जांच में उसके शामिल होने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version