विधायक कोविड पॉजिटिवपर पेड़ के नीचे लगी विधानसभा, 9000 करोड़ बजट को मंजूरी
पुडुचेरी, एजेंसियां। एक अप्रत्याशित घटना के तहत शनिवार को पुडुचेरी विधानसभा की कार्यवाही पेड़ के नीचे आयोजित की गई। इस दौरान विधानसभा द्वारा 9,000 करोड़ रुपये के बजट आवंटन को बिना बहस के मंजूरी दे दी गई। इसके बाद विधानसभा का सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया।
दरअसल, विपक्षी विधायक एनएसजे जयबल को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद शुक्रवार की रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मुख्य हॉल को सैनिटाइज करने के लिए बंद कर दिया गया। इसके चलते विधानसभा का सत्र नीम के पेड़ नीचे आयोजित किया गया।
विपक्षी विधायक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने केंद्र शासित प्रदेश के सभी विधायकों से सात दिनों के लिए खुद को आइसोलेट कर लेने के लिए कहा है। उन्होंने विधानसभा को बताया कि 27 जुलाई को सभी विधायकों का कोविड-19 परीक्षण किया जाएगा।
पुडुचेरी में अब तक 2500 से ज्यादा मामले
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में कोरोना वायरस के मामलों की अब तक कुल संख्या 2,515 हो चुकी है। कुल कोरोना वायरस मामलों में से, राज्य में फिलहाल 997 सक्रिय मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, राज्य में अब तक 1483 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 35 हो गई है। बीते 24 घंटों में यहां 2 नए मामले आए हैं, वहीं एक मरीज की मौत हुई है।

