विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-बीएसपी में हो सकता है मेल, बातचीत जारी
भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विदानसभा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ विपक्षी पार्टियां गठबंधन करने की कोशिश में जुटी हैं. आगामी चुनाव में शिवराज सिंह और बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस और बीएसपी में गठबंधन हो सकता है. गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत चल रही है, जिसका रुख सकारात्म है.
कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि, ‘बसपा के साथ बातचीत चल रही है और गठबंधन करने को लेकर हमारा रुख सकारात्मक है. यह पूछने पर कि तालमेल के फैसले में इतना समय क्यों लग रहा है, बाबरिया ने कहा, ‘चुनावी तालमेल के लिए बातचीत में समय लगता है. चुनाव में अभी समय है और उम्मीद है कि चुनाव से पहले हम साथ होंगे.’
बाबरिया का बयान इस मायने में अहम है कि कुछ दिन पहले ही बसपा के प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद अहिरवार ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों को खारिज कर दिया था. उन्होंने साफ कहा था कि उनकी पार्टी प्रदेश विधानसभा की सभी 230 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी.
दरअसल, कांग्रेस राज्य विधानसभा चुनाव में बसपा को साथ लेना चाहती है. इसकी वजह पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा का प्रदर्शन है. 2013 के चुनाव में बसपा को चार सीटें मिलीं थीं और उसे 6.30 फीसदी वोट हासिल हुए थे.

