
लंदन। भारतीय बैंकों को 9 हजार करोड़ का चूना लगाकर भागे कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। भारतीय अधिकारियों ने माल्या के प्रत्यर्पण के लिए लंदन की अदालत से मांग की है।
हालांकि विजय माल्या वेस्टमिंस्टर कोर्ट में अपने प्रत्यर्पण के लिए हो रही सुनवाई को रोके जाने की अपील करेगा। मजिस्ट्रेट्स कोर्ट द्वारा प्रत्यर्पण मामले में विजय माल्या ने कहा कि मैंने किसी भी दया याचिका के लिए आवेदन नहीं किया है। मैं अपनी देनदारियों के मामलों को सुलझाने के लिए तैयार हूं।
शराब कारोबारी माल्या के खिलाफ भारत से प्रत्यर्पण वारंट जारी हो चुका है, लेकिन उसे लंदन की अदालत से अप्रैल 2017 में जमानत मिल गई थी। इसके बाद से ही अदालत में उसके प्रत्यर्पण के लिए भारतीय अधिकारी कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले 27 अप्रैल को मामले की आखिरी सुनवाई में न्यायाधीश ने माल्या के खिलाफ सीबीआई के सुबूतों को तवज्जो दी थी और उन्हें प्रभावशाली बताया था।







