छतरपुर। गौरिहार थाना अंतर्गत ग्राम रेवना में आदतन अपराधी पप्पू शर्मा की पुरानी रंजिश के चलते विगत दिनों गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जिले की कई हत्याएं दफन हो गइंर् कागजों में
हत्या करने वाले आरोपी घटना दिनांक से ही फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। चर्चा यह है कि आरोपी उप्र में शरण लिए हैं। चूंकि मामला मप्र का है इसलिए पुलिस तब तक हाथ नहीं डाल सकती जब तक उसे सटीक सूचना न मिल जाए। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ जिले के कई ऐसे हत्याकाण्ड हैं जो इतिहास के पन्नों में ही दफन हो गए हैं।
ग्राम रेवना में पप्पू शर्मा की हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। इन आरोपियों को अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पायी। चूंकि मामला पुलिस रंजिश का था इसलिए मौका पाकर पप्पू को मौत के घाट उतारकर आरोपी यूपी की सीमा में चले गए। थाना क्षेत्र उप्र का सीमावर्ती क्षेत्र है यही वजह है कि यहां अपराध करने के बाद आरोपी यूपी में निकल जाते हैं। उप्र के आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति मप्र में शरण ले लेते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है जैसे ही उनके बारे में सटीक सूचना मिलेगी उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा भले ही वे किसी प्रांत में शरण ले लें।
जिले के कई हत्याकाण्डों से पर्दा उठने की जरूरत है। कई वर्ष पहले शहर में ही धन्नू सिंधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। काफी समय बीतने के बावजूद पुलिस इस हत्याकाण्ड के खुलासे तक नहीं पहुंची। वहीं सटई थाना क्षेत्र में सुनील सोनी की लाश मिली थी। झांसी गए सुनील की लाश सटई क्षेत्र में मिलने के बारे में पुलिस के हाथ खाली हैं। इसके अलावा खजुराहो में मासूम ऋषि शर्मा की गला रेतकर हत्या की गई थी। यह हत्याकाण्ड भी खुलासे का इंतजार कर रहा है। इतना ही नहीं बमनौरा थाना क्षेत्र में किसान की हत्या के मामले में भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। उधर भड़ाटोर के अध्यापक की गोली मारकर हत्या करने वाले भी बेसुराग हैं।

