रीवा-उमरिया में बारिश के साथ ओले गिरे, सतना में गाज से युवती की मौत

रीवा। जिलेभर में रविवार शाम करीब चार बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इस बीच तेज हवाएं भी चलती रहीं। जिले के मनगवां तहसील के तकरीबन आधा दर्जन व सिरमौर तहसील के 9 गांवों में ओले गिरे हैं।

ओलों का वजन 12 से लेकर 16 ग्राम तक रहा। कृषि वैज्ञानिक आरपी जोशी का कहना है कि ओलावृष्टि धान की फसल को नुकसान पहुंचा सकती है क्योंकि धान के पौधों में दाने लग चुके हैं और ओलावृष्टि से पौधे टूट सकते हैं।

हालांकि बारिश को कृषि विभाग के वैज्ञानिक अच्छा मान रहे हैं। मौसम में बदलाव से पूरे जिले में तापमान में गिरावट आई है। रीवा कलेक्टर प्रीति मैथिल ने कहा कि कुछ स्थानों पर ओले गिरे हैं। इससे नुकसान के आकलन के लिए पटवारियों को निर्देशित किया जा चुका है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान के बारे में बताया जा सकता है।

उमरिया में भी गिरे ओले, कुछ देर बारिश

उमरिया। उमरिया में भी शाम 5 बजे तेज हवाओं के साथ करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। इसी दौरान करीब 5 मिनट तक ओले भी गिरे। इससे खरीफ की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है।

सीधी में भी बारिश-ओले

सीधी। मैहर के बेलदरा गांव में शाम तकरीबन पांच बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। ममता (22) पति दीपक साकेत खेत में गई थीं। इसी दौरान बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए ममता एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं। तभी बिजली गिरने से वह बुरी तरह झुलस गई। परिजन उसे मैहर सिविल अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर, सीधी जिले में भी कई स्थानों पर बारिश के साथ ओले गिरे।

Exit mobile version