राष्ट्रीय

रामपाल को हत्या के दो मामलों मे उम्रकैद की सजा

हिसार। 2014 में हुई हिंसा के मामले में हत्या के दोषी ठहराए गए सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल को हिसार कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। रामपाल के अलावा कोर्ट ने मंगलवार को 15 लोगों के खिलाफ मामले में फैसला सुनाया। अदालत एक अन्य मामले में सजा का ऐलान बुधवार को करेगी।

रामपाल को फिलहाल दो हत्या के मामले में सजा सुनाई गई है। केस नंबर 429 (चार महिलाओं और एक बच्चे की हत्या) में रामपाल को ये सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही कोर्ट ने रामपाल पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

बता दें कि नवंबर 2014 में सतलोक आश्रम में पुलिस और रामपाल समर्थकों के बीच टकराव हुआ था। आश्रम में हुई इस हिंसा में 5 महिलाओं और एक बच्चे की मौत हुई थी। इसके बाद आश्रम संचालक रामपाल पर हत्या के दो मामले दर्ज किए गए थे। केस नंबर-429 (4 महिलाओं व एक बच्चे की मौत) में रामपाल सहित कुल 15 आरोपी थे। वहीं केस नंबर 430 में रामपाल समेत 13 आरोपी थे और रामपाल को इसमें भी दोषी माना गया था।मालूम हो कि हत्या व अन्य मामलों में लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने 11 अक्टूबर को रामपाल सहित 15 आरोपितों को दोषी करार दिया था।

कोर्ट के फैसले को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी एहतियात बरत रहा है। फैसले के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। आईजी, डीआईजी सहित छह पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और आरएएफ को ड्यूटी पर लगाया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्त की गई।

Leave a Reply

Back to top button