युवती को जिंदा जलाया, पुरुष की हत्या सिर पर पत्थर मारकर की, अभी तक शिनाख्त नहीं
भोपाल। एयरपोर्ट के पास झाड़ियों में अधजली हालत में मृत मिले युवक और युवती की 24 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। उधर इस मामले में खुलासा हुआ है कि युवती को जिंदा जलाया गया था। उसे आग से बचाने के दौरान युवक झुलस गया था। लेकिन इस दौरान हमलावरों ने युवक के सिर पर पत्थर से वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई।
सीएसपी निशातपुरा लोकेश सिन्हा ने बताया कि गुरुवार को युवक-युवती के शव का डॉक्टरों की पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इस दौरान खुलासा हुआ कि युवती की मौत जलने से हुई है,जबकि युवक की मौत सिर में आई गंभीर चोट के कारण हुई है। सीएसपी के मुताबिक संभवतः आग में जल रही युवती को बचाने के प्रयास में युवक झुलस गया था। इस दौरान युवक को सिर पर पत्थर से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। गुरुवार को पुलिस ने राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्र में कायम गुमइंसान के प्रकरणों के फरियादियों को बुलाया था।
दिन भर में चार-पांच लोग आए,लेकिन बताए गए हुलिए से उन्होंने युवक-युवती को पहचानने से मना कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आसपास के जिलों में घटना की सूचना और मृतकों के हुलिए के बारे में बता दिया है। गौरतलब है कि बुधवार शाम करीब 4ः30 बजे पुलिस ने नरसिंहगढ़ तिराहा से करीब 200 मीटर अंदर झाड़ियों में युवक-युवती की झुलसी हुई लाश बरामद की हैं।

