Site icon Yashbharat.com

मौसम विभाग का अलर्ट- प्रदेश में 48 घंटे ज़ोर से बरसेंगे बादल

barish 2

भोपाल। भोपाल में मॉनसून ने ज़ोरदार तरीके से दस्तक दी. बादल बरसे और खूब बरसे. मौसम की पहली बारिश ही झमाझम हुई. मौसम विभाग अलर्ट कर रहा है कि अगले 48 घंटे कर बादल ऐसे ही गरजेंगे-बरसेंगे
भोपाल में सुबह जब लोग सोकर उठे तो पूरा शहर बारिश से तरबतर था. तेज़ झड़ी लगी हुई थी. पिछले साल कम बारिश के कारण इस साल सबको मॉनसून का बेसब्री से इंतज़ार था. ख़्वाहिश पूरी हुई, मॉनसून झूमता हुआ आया.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ. उसने तेज़ बारिश की घोषणा की थी. मौसम विभाग फिर चेता रहा है. उसने अगले 48 घंटे का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सिस्टम बन रहा है,जिससे घनघोर बारिश के आसार हैं.

बारिश का लोगों को इंतज़ार तो था, सब खुश भी हुए, लेकिन सड़क पर निकलते ही वो परेशानी में पड़ गए. तकरीबन सारे शहर की सड़कों पर पानी भर गया. कई इलाकों में तो ये हाल था मानो तालाब में वाहन चल रहे हों. सड़कों पर पानी भरने के कारण गाड़ियां बंद होती दिखीं तो कहीं सड़कों पर रखे बैरिकेटस तैरने लगे. ट्रैफिक अस्त-व्यस्त रहा. कई बस्तियों में लोग घर के बाहर खड़े होकर पानी निकासी की व्यवस्था करते रहे.
मौसम विभाग ने राज्य के कई ज़िलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने सिस्टम के कारण बुधवार शाम से राज्य में बारिश हो रही है. जबलपुर और शहडोल संभागों के ज़िलों के साथ सागर, छतरपुर, दमोह ,विदिशा ,रायसेन ,गुना, अशोकनगर और श्योरपुरकला में भारी बारिश की संभावना है

Exit mobile version