Thursday, May 14, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

मोहन प्रशासन में बड़ी सर्जरी जल्द, बदले जाएंगे कई कलेक्टर SP, उप सचिव नीरज कुमार वशिष्ठ की छुट्टी

MP के मोहन प्रशासन में बड़ी सर्जरी होने वाली है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि कुछ कलेक्टर पुलिस कप्तान भी जल्द बदले जाएंगे। छह जनवरी को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा। इसके बाद नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्ति लेने के साथ उनके निराकरण का काम प्रारंभ हो जाएगा। चूंकि, यह पूरा काम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की देख-रेख में होता है इसलिए उनके तबादले बिना चुनाव आयोग की सहमति के नहीं किए जा सकेंगे। संभावना जताई जा रही है कि इसके पहले कुछ कलेक्टरों के तबादले किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी के बाद अब उप सचिव नीरज कुमार वशिष्ठ की छुट्टी हो गई। अभी उन्हें मंत्रालय में उप सचिव पदस्थ किया है। अभी रस्तोगी को भी कोई दायित्व नहीं दिया गया है। वशिष्ठ ने लंबे समय तक पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ काम किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को दो आइएएस अधिकारियों पदस्थापनाएं की हैं।

आयुक्त सह संचालक नगर तथा ग्राम निवेश मुकेश चंद्र गुप्ता को भी इस दायित्व से मुक्त कर दिया। वे अब प्रमुख सचिव योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी रहेंगे। इंदौर में पदस्थ श्रम आयुक्त श्रीकांत बनोठ को वर्तमान दायित्व के साथ आयुक्त सह संचालक नगर तथा ग्राम निवेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम