jabalpurLatest

मुख्यमंत्री ने जबलपुर के विकास के रोड मैप को सराहा, कलेक्टर ने दी थी जानकारी

जबलपु। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज जबलपुर के कलचुरी होटल में जबलपुर के सर्वांगीण विकास के रोड मैप पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने इसे धरातल में उतारने प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश दिये कि की नगरी क्षेत्र के विकास के लिये जल प्रदाय योजनाएं जो चल रही है वे 2024 तक शत प्रतिशत क्रियान्वित हो जाएं। साथ ही भविष्य में नई आबादी को ध्यान में रखते हुए पहले से व्यवस्था कर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जबलपुर के विकास के तैयार किए गए रोडमैप की सराहना करते हुए इसे बहुआयामी बनाने के निर्देश दिए।

सीवरेज की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुये इसे बेहतर करने को कहा। इसके अलावा नर्मदा नदी के शुद्धिकरण पर ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर नर्मदा नदी को प्रदूषित नहीं होने दिया जाएगा। नदी में मिलने वाले गंदों नालों की समीक्षा करने के निर्देश भी उन्होंने बैठक में अधिकारियों को दिये।

शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि परंपरागत स्ट्रीट लाइट को एलइडी स्ट्रीट लाइट में परिवर्तित किया जाए ताकि ऊर्जा की बचत हो।

स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब इसमें जनता की सहभागिता होगी । इस संबंध में उन्होंने कहा कि 15 दिवस में प्रतिनिधियों से चर्चा कर कार्य योजना तैयार करें । 2020 में जबलपुर के स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग के संबंध में उन्होंने कहा कि इसे 2021 में देश के प्रथम 10 शहरों में स्थान प्राप्त हो ऐसा करना है। डोर टू डोर कचरा संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन कचरे से ऊर्जा बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए तथा थ्री आर (रिडयूज, रियूस एवं रिसाईक्लिंग) की अवधारणा को फलीभूत करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग व रखरखाव बेहतर हो इसे स्वच्छता की दिशा में एक नई गति मिलती है। रानीताल डंपिंग ग्राउंड का जैविक उपचार करने के साथ ही कहा कि शहर के बाहर कचरा डंपिंग करने का प्लान करें ताकि 18 एकड़ इस भूमि का उपयोग कोई अन्य काम में लाया जा सके।

बैठक मे अधोसंरचना विकास कार्य की समीक्षा के दौरान एयरपोर्ट विस्तार, कल्चरल एंड इनफॉरमेशन सेंटर, मल्टी स्पोर्ट्स कंपलेक्स राइट टाउन स्टेडियम, मिनी स्पोर्ट्स सेंटर, वेलोंड्रम चौराहों का विकास, ट्रैफिक मास्टर प्लान पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने फ्लाई ओव्हर और शहरी परिवहन के साथ सड़कों के विकास पर जोर दिया लेकिन कहा कि जो सड़क बनाए जा रहे हैं वह गुणवत्ता पूर्ण हो। उन्होंने आईटी पार्क रोड को गुणवत्तापूर्ण बेहतर बनाने को कहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर में आईपीएल स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के लिए प्लान करें।

जबलपुर को पर्यावरण की दिशा में सुरक्षित व संरक्षित रखने के लये कहा कि शहर में जितने तालाब हैं उन को पुनर्जीवित करें। तालाब जबलपुर की अमूल्य निधि है, उन्हें सुरक्षित रखा जाए अतिक्रमण ना हो। उन्होंने तालाबों के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया साथ ही मदन महल क्षेत्र में इकोजोन बनाने की इच्छा जाहिर करते हुये कहा कि इस क्षेत्र में स्थानीय पौधों की प्रजातियों का संरक्षण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि जिस प्रकार से इंदौर में सुपर कॉरिडोर विकसित किया गया है, उसी तरह जबलपुर का भविष्य देखते हुए एक ऐसा रोड बनाया जाए, जिससे उस रोड के आसपास आईटी पार्क, बड़े संस्थान, लॉजिस्टिक्स पार्क और अन्य चीजें स्थापित की जा सकें। इंदौर में किसानों को लैंड पूलिंग के लिए तैयार किया गया है।

ऐसा प्रयास जबलपुर में भी हो और इससे किसानों को लाभ होगा। एयरपोर्ट रोड किसी भी शहर पहली छाप होती है। इस रोड की लैंड स्केपिंग ऐसी हो कि कोई भी जबलपुर में उतरे और शहर तक आते-आते उन्हें आनंद आ जाये। रोड ट्रांसपोर्ट में आसपास के गाँव और कस्बे भी जुड़ें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगर निगम आय के स्रोत बढ़ाने की दिशा में भी काम करने के निर्देश बैठक में अधिकारियों को दिये। समावेशी शहरी विकास के अंतर्गत स्व सहायता समूह के गठन एवं सुदृढी़करण, कौशल प्रशिक्षण रोजगार, दीनदयाल रसोई के विस्तार तथा गरीबों एवं मजदूरों के लिए रात्रि कालीन आश्रय स्थल पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूहों को सशक्त किया जाये। महिला स्व सहायता समूह द्वारा बनाए जा रहे उत्पाद की व्यापक स्तर पर ब्रांडिंग व मार्केटिंग हो।

गरीबों के लिए आवास के संबंध में कहा कि आवास विधिवत आवंटित हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। सुशासन में ई गवर्नेंस के माध्यम से समस्याओं का सुगमता से समाधान करने के निर्देश दिए तथा इसकी भविष्य की योजना पर भी प्लान करने के लिए निर्देशित किया।

आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश आत्मनिर्भर जबलपुर के तहत आईटी पार्क के विकास तथा सड़कों के विकास के निर्देश दिए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जबलपुर पर्यटन के बड़े केन्द्र के रूप में तेजी से ऊभर रहा है। उन्होंने जबलपुर में जियोलॉजिकल पार्क को शीघ्र विकसित करने, भेड़ाघाट को पर्यटन क्लस्टर के रूप में विकसित करने तथा साइंस सेंटर के निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिये। श्री चौहान ने कहा कि बरगी में वॉटर स्पोट्र्स गतिविधियों का पुन: क्रियान्वयन किया जाये। इसके लिए अभी से तैयारियां प्रारंभ की जाये। उन्होंने कहा कि हमारे आसपास ऐसे कई स्थान हैं जिनको विकसित किया जा सकता है।

बैठक में सांसद श्री राकेश सिंह पूर्व मंत्री व विधायक श्री अजय विश्नोई, विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्रीमती नंदनी मरावी, श्री सुशील तिवारी इंदू, श्री तरुण भनोट, श्री संजय यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे वहीं कमिश्नर श्री बी चंद्रशेखर, आई जी श्री भागवत सिहं चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button