
मुंबई। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बनाने वाली कंपनी सैमसंग ‘सेफ इंडिया’ कैंपेन के तहत अब लोगों को स्मार्टफोन के स्मार्ट इस्तेमाल के बारे में जागरूक कर रही है। ट्रैफिक पुलिस भी इस मुहिम का हिस्सा है।

सबसे ज्यादा जोर उन लोगों को जागरूक करने पर है, जो सड़कों पर सेल्फी लेने के चक्कर में खुद की जान तो आफत में डालते हैं, वहीं राहगीरों की मुश्किलें भी बढ़ा देते हैं।
2017 में सैमसंग ने सड़क दुर्घटना कम करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से हाथ मिलाया था। इसके बाद से ही कंपनी लोगों को स्मार्टफोन के सही इस्तेमाल के लिए जागरूक कर रही है। भारत जैसे देश में लोगों को जागरूक करना इसलिए भी जरुरी है,क्योंकि दुनिया भर में सबसे ज्यादा सड़क हादसे यहीं होते हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सैमसंग इंडिया कैंपेन के जरिए लोगों को जागरूक करने की शुरुआत की। दोनों ने सड़क पर स्मार्टफोन के सही इस्तेमाल को लेकर एक वीडियो संदेश भी जारी किया है। वहीं मुंबई की ट्रैफिक पुलिस सड़क पर सेल्फी लेने के क्या नुकसान होते हैं, लोगों को ये बताने के लिए रेडियो चैनल्स पर जिंगल्स चलवा रही है। इसके अलावा चौराहों पर एलईडी स्क्रीन्स पर संदेश दिखाए जा रहे हैं। ताकि लोग स्मार्टफोन का सही इस्तेमाल करें। वहीं शहर के कई अहम चौराहों पर नो सेल्फी जोन के पोस्टर्स भी लगाए जा रहे हैं।
नितिन गडकरी ने कहा कि,” मुझे इस बात की बेहद चिंता है कि भारत में सबसे ज्यादा सड़क हादसे होते हैं, इसमें ज्यादातर हादसे स्मार्टफोन पर बात करते हुए या सड़क पर सेल्फी लेने की वजह से होते हैं। इसलिए मैं लोगों से अपील करता हूं कि वो सड़क पर सोच-समझकर अपने स्मार्टफोन का इस्तेमाल करें।”
भारत में हर 4 मिनट में होते हैं सड़क हादसे-
अमेरिका की कर्नेगी मेलोन यूनिवर्सिटी, आईआईटी दिल्ली और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में हर 4 मिनट में एक सड़क हादसा होता है। इसमें भी ज्यादातर हादसे गाड़ी चलाते वक्त, पैदल चलते वक्त सेल्फी लेने के दौरान होता है। ऐसे में सैमसंग के सेफ इंडिया कैंपेन से लोगों को जागरूक करने में मदद मिलेगी। इस मुहिम को मुंबई के स्कूलों और कॉलेज तक एनिमेशन फिल्म के जरिए पहुंचाया जाएगा।
स्टडी में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े-
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सैमसंग ने भारत के 12 शहरों में एक स्टडी की है। इस स्टडी में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। स्टडी के मुताबिक 60 फीसद यूजर्स ने ये माना कि वो गाड़ी चलाते वक्त मोबाइल पर बात करते हैं। वहीं सड़क पार करते वक्त सेल्फी लेने वालों का आकंड़ा भी 14 फीसद रहा। ऐसे में ये कंपनी न सिर्फ लोगो को स्मार्टफोन के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए जागरूक कर रही है, बल्कि सुरक्षित यातायात के लिए ऐप भी डिजाइन कर रही है।








