jabalpur

माशिमं द्वारा परीक्षा ड्यूटी को अनिवार्य घोषित

जबलपुर,यभाप्र। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षाओं के लिए सभी तैयारियां जोरों पर हैं । 12वीं बोर्ड परीक्षा एक मार्च से और दसवी बोर्ड की परीक्षा 5 मार्च से आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी एन के चौकसे ने बताया कि इस बार जिले में 110 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। विभाग ने परीक्षा ड्यूटी को अनिवार्य घोषित किया है।

जबलपुर जिले में बोर्ड परीक्षाओं के 110 केंद्र, परीक्षा ड्यूटी को अनिवार्य घोषित ,हफ्तेभर पहले मिलेगी केंद्र की जानकारी

कोई भी ड्यूटी न करने के लिए बहानेबाजी नहीं कर सकता है। ड्यूटी नहीं करने वाले प्राचार्यों व शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्हें एक सप्ताह पहले केंद्र की जानकारी दी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से भी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां काफी जोरों से चल रही हैं। बोर्ड परीक्षा में केंद्राध्यक्षों की ड्यूटी रेंडमाइजेशन के जरिए लगाई जाएगी।

मंडल कार्यालय से मिले निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष बनाए जाने के लिए प्राचार्यों व व्याख्याताओं की सूची तैयार कर भोपाल भेज दी गई है।
कुल 51330 परीक्षार्थी-
डीईओ से मिली जानकारी के अनुसार जहां 12वंीबोर्ड में 30244 परीक्षार्थी शामिल होंगे वहीं कक्षा दसवीं में 21086 परीक्षार्थी बैठेंगे। कुल 51330 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
केवल प्राचार्य बनेंगे केंद्राध्यक्ष
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार केंद्राध्यक्ष बनाने के लिए हाईस्कूल व हायर सेकंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों का चयन किया गया है, जबकि सहायक केंद्राध्यक्ष के लिए व्याख्याताओं का चयनित हैं। विभाग से मिले निर्देशों के तहत सूची में शामिल प्राचार्यों को परीक्षा केंद्र रेंडमाइजेशन के जरिए आवंटित किए जाएंगे।

सूची में शामिल किए गए 110 प्राचार्य
मंडल द्वारा केंद्र आवंटन की सूची परीक्षा से एक सप्ताह पहले जारी होगी। जिससे कोई भी केंद्राध्यक्ष ड्यूटी बदलवाने के लिए दबाव नहीं बना सके। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्र बनाए गए विद्यालयों में ज्यादातर पिछले वर्ष वाले ही शामिल हैं।
ड्यूटी करना होगा अनिवार्य
बोर्ड परीक्षा में प्राचार्यों व व्याख्याताओं को आवंटित परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष की ड्यूटी करना अनिवार्य होगा। किसी भी स्थिति में बिना मंडल के अनुमति ड्यूटी करने से इंकार नहीं किया जा सकेगा। प्राचार्य व व्याख्याता केंद्र आवंटित कराने में सांठगांठ नहीं कर सकें। इसके लिए फरवरी के अंतिम सप्ताह में आवंटन सूची जारी होगी।

प्री-बोर्ड परीक्षा शुरू
मध्यप्रदेश बोर्ड की कक्षा 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा 6 फरवरी हो गई है । 10वीं की 7 फरवरी से शुरू होगी। दसवीं की परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे तक और 12वीं की परीक्षा दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगी। 12वीं का पहला पेपर भौतिकी, इतिहास, व्यवसयायिक अध्ययन का हो रहा हैऔर 10वीं का पहला पेपर विशिष्ट हिन्दी व अंग्रेजी से होगी।

– परीक्षा की ड्यूटी को अनिवार्य घोषित किया गया है। अस्वस्थता की स्थिती में सिर्फ मेडिकल बोर्ड की ओर से जारी प्रमाणपत्र ही मान्य होगा।
-एनके चौकसे , जिला शिक्षा अधिकारी

 

Leave a Reply

Back to top button