नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘महिला अधिकार सम्मेलन’ में पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार,आर्थिक विफलता, अक्षमता और सामाजिक भेदभाव चरम पर है।

इसके साथ ही राहुल ने बिहार के मुजफ्फपुर बालिका गृह रेप कांड का भी मुद्दा उठाया और इस मसले पर पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बुलेट ट्रेन पर बोलते हैं, लेकिन वह बलात्कार पर नहीं बोलते हैं। इन चार वर्षों में जो महिलाओं के साथ अत्याचार हुए वैसा पिछले 70 सालों में नहीं हुआ। इसके साथ ही राहुल ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस में एक भी महिला नहीं है, क्योंकि उस संगठन के दरवाजे महिलाओं के लिए बंद हैं।

इससे पहले भी राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर ‘अच्छे दिन’ का वादा पूरा नहीं करने, भ्रष्टाचार मिटाने, महंगाई रोकने तथा सुशासन देने में पूरी तरह असमर्थ रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि देश की जनता की उम्मीदों को बनाए रखने तथा इस सरकार का मजबूत विकल्प देने के लिए कांग्रेस को पूरी ताकत के साथ काम करने की जरूरत है। गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, देश की अर्थव्यवस्था लडख़ड़ा गई है, शासन प्रशासन लुंजपुंज हो गया है और समाज में विभाजन की स्थिति पैदा की जा रही है।







