मध्‍य प्रदेश में हर दिन 15 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगा कोरोना का टीका

भोपाल। 30 जनवरी 2020- यही वह दिन था, जब देश में कोरोना का पहला केस सामने आया। इसके बाद लगभग साल भर का समय जिस तरह गुजरा, वह अपने आप में इतिहास है। देशवासियों ने ऐसे दिन देखे, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। इन सबके बीच जिस दिन की हर भारतवासी को प्रतीक्षा थी, वह दिन एक साल से भी कम समय में आज आ ही गया है। 30 जनवरी 2020 लोगों के बीच भय पैदा करने वाला दिन था, तो 16 जनवरी 2021 देश के लोगों के बीच से इस डर को खत्म करने का, नई उम्मीदों का, नए सपने बुनने का और कोरोना पर जीत का दिन है।

शनिवार को कोरोना टीकाकरण अभियान की देश भर में शुरुआत हो रही है। प्रदेश में टीकाकरण सुबह नौ बजे से शुरू होगा। प्रदेश में 150 केंद्रों पर हर दिन 15 हजार कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। हफ्ते में चार दिन सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शन‍िवार को टीकाकरण होगा। चार हफ्ते में 2.25 लाख लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसमें निजी व सरकारी अस्पतालों में काम करने स्वास्थ्यकर्मी व अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

 

टीका लगवाने के लिए हितग्राहियों को शुक्रवार शाम पांच से छह बजे के बीच एसएमएस भेज दिए गए। जिस सीरियल नंबर से कोविन पोर्टल में स्वास्थ्यकर्मियों के नाम दर्ज हैं उसी क्रम से टीका लगवाने के लिए एसएमएस भेजा गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में टीकाकरण का शुभारंभ सिंगरौली से शनिवार सुबह 10:30 बजे करेंगे।

Exit mobile version