Site icon Yashbharat.com

मध्य प्रदेश में अभी रहेगी कड़ाके की ठंड, तीन दिन बाद बूंदाबांदी के आसार

12 01 2021 12 jan weather news 21263278

MP Weather Update। वर्तमान में राजधानी भोपाल सहित पूरा मध्यप्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। प्रदेश के लगभग बीस जिलों में शीतलहर का प्रभाव है। इस बार सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी ठंड के तीखे तेवर दो-तीन दिन तक और बने रह सकते हैं। इसके बाद फरवरी की शुरुआत में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। हवाओं का रुख बदलने से बादल छाएंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। चार-पांच फरवरी को राजधानी सहित प्रदेश के उत्तर-पश्चिम इलाके में बादल छाने से रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी और ठंड से राहत मिलेगी।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ों पर अभी भी बर्फ जमी हुई है। साथ ही तीन दिन से लगातार हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। लगभग 14 किलोमीटर की औसत रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्ला के मुताबिक एक फरवरी तक ठंड के तेवर इसी तरह बने रहने की संभावना है। एक फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पहुंचेगा। हालांकि इस सिस्टम की आवृत्ति कम होने से हवाओं के रुख पर विशेष फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन तीन फरवरी को एक अन्य अधिक तीव्रता वाला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलेगा। इससे वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू होगा। इससे चार-पांच फरवरी को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है।

Exit mobile version