jabalpur

मतगणना की तैयारियां शुरू कलेक्टर ने किया निरीक्षण

सर्विस वोटर के क्यूआर कोड होंगे स्कैन,तब डिकोड होगा वोट
जबलपुर, । विधानसभा चुनाव मतगणना के लिए एमएलबी स्कूल में तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं । मतगणना 11 दिसंबर को सुबह 8 बजे से की जायेगी । मतगणना के दिन सुबह 8 बजे तक जो पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटर के इलेक्ट्रोनिकली ट्रांसमिटेड वोट आएंगे,उन्हें काउंटिंग में शामिल किया जाएगा। सर्विस वोटर्स के वोट लिंक इस बार इलेक्ट्रोनिकली भेज गए थे और वहां से मैन्युअली आने वाले लिफाफों पर एक क्यूआर कोड आएगा। इस क्यूआर कोड को इलेक्ट्रोनिकली डिकोड किया जाएगा,तभी मतगणना में सर्विस वोटर का वोट काउंट किया जा सकेगा। वोट क्यूआर कोड के जरिए ही डिकोड होगा।जिले की प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गणना के लिए दो-दो और इस तरह एमएलबी स्कूल के कुल 16 कक्षों का इस्तेमाल किया जायेगा । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती छवि भारद्वाज ने एमएलबी स्कूल पहुंचकर यहां मतगणना की चल रही तैयारियों का जायजा लिया । श्रीमती भारद्वाज ने इस मौके पर मौजूद अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार ही मतगणना की सभी व्यवस्थायें करने की हिदायत दी । मतगणना केन्द्र के निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर डॉ. राहुल फटिंग, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे ।
मंत्रियों को प्रवेश की अनुमति नहीं –
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य एवं केन्द्र शासन के मंत्रियों अथवा राज्य मंत्रियों को मतगणना केन्द्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी । मंत्रिगण केवल उस स्थिति में ही मतगणना केन्द्रों में प्रवेश पा सकेंगे जबकि वो खुद विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार हों । वो केवल उसी विधानसभा क्षेत्र के मतगणना कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे जहां से वे चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन ऐसी स्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तैनात सशस्त्र गार्डों को मतगणना केन्द्र के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जायेगा । निर्वाचन आयोग ने अपने निर्देशों में यह भी कहा है कि केन्द्र एवं राज्य शासन के मंत्री अथवा राज्य मंत्री चूंकि सशस्त्र सुरक्षा गार्ड प्राप्त होते हैं इसलिए उनको किसी उम्मीदवार का चुनाव अभिकत्र्ता या गणन अभिकत्र्ता भी नियुक्त नहीं किया जा सकेगा ।

Leave a Reply

Back to top button