jabalpur

मकान में आग से व्यापारी की मौत

शहपुरा में आक्रोशित भीड़ ने घेरा थाना, लगाये हत्या व लूट के आरोप
जबलपुर, मुनप्र। शहपुरा बस स्टैण्ड के समीप किराना दुकान चलाने वाले एक व्यापारी की मकान में आग लगने के बाद मौत होने से शहपुरा में आक्रोश और तनाव का माहौल निर्मित हो गया है। आक्रोषित भीड़ ने घटना को लेकर थाने का घेराव करते हुए लूट और हत्या के आरोप लगाये हैं। घटना रात करीब तीन बजे की बतायी जा रही है। घटना की जानकारी लगने पर शहपुरा दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे और आग को दीवाल तोड़कर काबू में किया लेकिन जब अंदर जाकर देखा तो किराना व्यापारी बुरी तरह से जल चुका था और हड्डियों का ढांचा बस शेष बचा था जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए रवाना कर दिया है। इस संबंध में सूत्रों व हमारे संवाददाता से जो जानकारी मिली है कि बस स्टैण्ड शहपुरा में मंगल जैन 45 वर्ष किराना की दुकान चलाता था। बीती रात करीब दस बजे वह दुकान बंद कर सोने के लिए मकान के ऊपरी कमरे में जाकर सो गया। लेकिन रात करीब तीन बजे पड़ोसियों ने हड़बड़ाहट की आवाज सुनी तो बाहर निकले तो देखा कि मंगल जैन के मकान के ऊपरी हिस्से में भीषण आग लगी है। आग लगने की सूचना पड़ोसी अमित अग्रवाल ने तत्काल डायल 100 और पुलिस तथा दमकल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मकशक्कत के बाद दमकल ने आग को काबू में किया। घटना के चलते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर लगी गयी थी। इस घटना को गैस सिलंडर फटने से लगी आग बताया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि किराना व्यापारी के यहां सिलेंडर भी रखे हुए थे जिसमें ब्लास्ट होने से आग लगने की आशंका जतायी जा रही है। मकान मालिक की मौत से शहपुरा के जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है और भीड़ ने आज सुबह थाने का घेराव भी कर दिया। भीड़ ने लूट और हत्या के आरोप लगाये हैं। घटना की जानकारी लगने पर एसडीओपी पाटन और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच गयी थी।
घर में अकेला था मंगल
हमारे संवाददाता राजेश शुक्ला ने जानकारी देतेहुए बताया कि मंगल जैन वर्तमान में घर में अकेला था उसका भाई और भाभी इंदौर गये हुए हैं। यहभी जानकारी लगी है कि किराना व्यवसायी गैस सिलेंडर का कारोबार भी करता था और संभवत: गैस सिलेंडर फटने से उक्त हादसा घटित हो गया होगा।
सिर्फ हड्डियों का ढांचा बचा
आग को काबू में करने के बाद पुलिस जब ऊपर पहुंची तो वहां मंगल जैन का शव बुरी तरह जली अवस्था में पड़ा पाया गया। सही मायने में खोपड़ी और हड्डियों का ढांचा ही मिला। जिसे पुलिस ने पन्नी में लपेटकर पीएम के लिए भिजवा दिया है।
जले नोट भी पाये गये
जानकारी के मुताबिक जिस कमरे में आग लगी थी वहां बड़ी संख्या में जले हुए नोट भी पाये गए हैं और इस घटना में करीब 30 लाख रुपए का नुकसान की आशंका बतायी जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इसे हादसा मान रही है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।
तीन संदेहियों को लिया हिरासत में
शहपुरा के आक्रोशित जनों द्वारा हत्या और लूट के आरोप लगाये जाने के बाद पुलिस ने तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। वहीं व्यापारियों ने शहपुरा बंद भी रखा है। घटना की जानकारी लगने पर जनप्रतिनिधि भी शहपुरा पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Back to top button