मंदसौर दुष्कर्म कांड-बच्ची की डिमांड पर परिजन बाहर से ला रहे समोसा जलेबी,पोहा

इंदौर। एमवाय अस्पताल में 28 दिन से भर्ती मंदसौर दुष्कर्म कांड पीड़ित बच्ची की हालत में सुधार जारी है। लगातार एक ही कैंटीन से खाना आने के कारण वह उससे उब चुकी है। ऐसे में इंदौरी पोहा-समोसा और जलेबी की डिमांड पर परिजन उसे बाजार से लाकर ये खिला रहे हैं। माता-पिता ने परिचित से टिफिन भी मंगवाया है, ताकि बाहर से खाना बुलाया जा सके।
दस दिन पहले परिजन ने बच्ची को जूस के साथ हलका भोजन (दलिया, दाल-चावल) खिलाना शुरू किया था। फिर उसकी पसंद के अनुसार चॉकलेट, गुलाबजामुन भी खिलाए गए। अब वह सभी प्रकार का हलका खाना खा सकती है। इसके बाद उसे कैंटीन से ही सब्जी-रोटी, दाल-चावल, सलाद आदि दिया जा रहा है। लगातार एक ही जगह से दोनों समय भोजन से बच्ची के ऊबने पर परिजन कभी-कभी बाहर से खाना बुला रहे हैं। परिजन के अनुसार वह बार-बार घर जाने की जिद कर रही है।
अभी भी सख्त है ड्यूटी
बच्ची को जिस प्राइवेट रूम में रखा गया है, उसके बाहर अभी भी 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। वहीं अस्पताल प्रबंधन की तरफ से ड्यूटी पर लगाए गए स्टाफ को पूछताछ के बाद ही अंदर जाने दिया जाता है। रूम में मोबाइल ले जाना भी प्रतिबंधित है। बच्ची ने दिन में कितनी बार और क्या खाया, इसे भी रोज लिखा जा रहा है।
पहले से अधिक है सुधार
एमवाय अधीक्षक वीएस पाल के अनुसार 27 जुलाई या इसके बाद बच्ची का एक और ऑपरेशन किया जाएगा। इससे सुधार होने के बाद डॉक्टरों के पैनल की अनुमति होने पर अगस्त में छृट्टी की जा सकती है। अभी बच्ची की हालत में पहले से कहीं अधिक सुधार हो चुका है।








