भोपाल में कोरोना संक्रमित पिता का शव लेने बेटे ने किया इनकार, तहसीलदार ने किया अंतिम संस्कार

भोपाल. मंगलवार को भोपाल में कोरोना संक्रमित मृतक के बेटे ने पिता का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। ऐसे में शहर के बैरागढ़ क्षेत्र के तहसीलदार ने मानवता की मिसाल पेश की और दो दिन से मर्चुरी में रखे शव का अंतिम संस्कार किया। कोरोना संक्रमित शुजालपुर निवासी व्यक्ति की छह दिन के उपचार के बाद 20 अप्रैल को एम्स में मौत हो गई थी। बेटे ने शव लेने से इंकार कर दिया। उसने ये भी कहा कि वह उनका अंतिम संस्कार नहीं करेगा। उसने शव नहीं लेने और अंतिम संस्कार नहीं करने के लिए जिला प्रशासन को लिखित में दे दिया
शुजालपुर निवासी संक्रमित शख्स कोलाय कला सरकारी कॉलेज में लैब टेक्नीशियन थे, 8 अप्रैल को उनको पैरालिसिस अटैक आया था। इसके बाद उनको पुराने शहर के मल्टी केयर अस्पताल में इलाज के भर्ती किया गया था। यहां पर डॉक्टर्स ने कोरोना की जांच कराने की सलाह उनके बेटे को दी थी। 10 अप्रैल को उनका सैंपल लिया गया। 14 अप्रैल को रिपोर्ट पाॅजिटिव आने पर उनको चिरायु अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई।
तहसीलदार ने परिवार को समझाने की कोशिश की
क्षेत्र के तहसीलदार गुलाब सिंह बघेल को जब इसकी सूचना लगी तो उन्होंने मृतक बुजुर्ग के बेटे और उनके परिजनों को समझाने की कोशिश की। तहसीलदार बघेल ने कहा कि वह पीपीई किट पहनकर अंतिम संस्कार कर दें, लेकिन बेटे ने लिखकर दिया कि उसे न तो किट पहनना आती है और न ही उतारनी। उसे कोरोना संक्रमित के अंतिम संस्कार के नियमों की भी जानकारी नहीं है। वह अपने पिता का शव प्रशासन के हवाले कर रहा है। अब वही इसका अंतिम संस्कार कराएं। तहसीलदार गुलाब सिंह बघेल ने बताया कि मृतक की पत्नी ने कहा था कि हमारा एक ही बेटा है, वह कोरोना संक्रमित न हो, इसलिए उससे अंतिम संस्कार नहीं करा रहे हैं। नगर निगमकर्मियों ने भी जब अंतिम संस्कार से मना कर दिया तो तहसीलदार ने यह जिम्मेदारी निभाई।






