Latest

भाजपा सांसद नंदकुमार चौहान की हालत गंभीर, एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजने की तैयारी

भोपाल पिछले कुछ दिनों से कोरोना से संक्रमित रहे खंडवा से भाजपा के सांसद नंदकुमार सिंह चौहान की हालत नाजुक बनी हुई है। उनका हालचाल जानने के लिए शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे थे। हालांकि, उनकी कोरोना की जांच रिपोर्ट अब निगेटिव आ चुकी है, लेकिन तब भी उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा है।
एयर एंबुलेंस ले जाया जाएगा दिल्ली  

जानकारी मिली है कि उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए अब उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया जाएगा। बता दें, अभी हाल ही में दिल्ली एम्स के डाक्टरों की टीम ने भी नंदकुमार सिंह चौहान के स्वास्थ्य का परीक्षण किया था। नंदू भैया के नाम से मशहूर चौहान 16वीं लोक सभा के सदस्य हैं और मध्यप्रदेश के खंडवा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह भोपाल के 74 बंगला स्थित बंगले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पड़ोसी भी हैं।
स्वास्थ्य में सुधार के लिए कराई जा रही पूजा

पिछले कुछ दिनों से सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के लिए मंदिरों में उनके करीबी व समर्थक महामृत्युंजय का भी पाठ भी करा रहे हैं। गौरतलब है कि जब चौहान की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई और उनकी हालत बिगड़ने लगी थी तभी से मंदिरों में महामृत्युंजय का भी पाठ किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुरहानपुर जिले के बोहरड़ा के महादेव संगमेश्वर मंदिर में भी उनकी तबीयत में सुधार को लेकर महामृत्युंजय का पाठ कराया जा रहा है।
ट्वीट कर दिया संदेश

उल्लेखनीय है कि तबीयत ज्यादा खराब होने पर सांसद नंदकुमार सिंह चौहान को भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी तरफ से एक ट्वीट भी किया गया था। इसमें लिखा था, ‘प्रिय साथियों में अस्वस्थ महसूस कर रहा था, कोरोना की जांच कराने के बाद मेरी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। पिछले दिनों जो भी मेरे संपर्क में आए थे, वह सभी लोग अपनी जांच करवा लें।’

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम