Site icon Yashbharat.com

भीषण सड़क हादसा, डीसीएम पलटने से 11 की मौत, सीएम ने किया दो-दो लाख रुपये आर्थिक सहायता का एलान

accident

उत्तर प्रदेश के इटावा में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में डीसीएम पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई। घटना में 41 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घटना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

आगरा निवासी वीरेंद्र सिंह बघेल के घर पर छह माह पहले बेटे का जन्म हुआ था। बेटे के जन्म की खुशी में मन्नत पूरी होने पर वह परिवार व रिश्तेदारों के साथ लखना स्थित कालका मंदिर में झंडा चढ़ाने के लिए शनिवार को दोपहर 11 बजे 60 से 70 लोगों को लेकर घर से डीसीएम में सवार होकर निकले थे। इटावा में चकरनगर रोड पर उदी चौराहे से लगभग 10 किमी की दूरी पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे  25 फीट गहरी खाई में गिर गई।

 

#UPCM श्री @myogiadityanath जी ने जनपद इटावा में हुई एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

डीसीएम पलटने से कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकलवाया। हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है।

मुख्यमंत्री जी ने दुर्घटना में घायल लोगों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने के साथ मृतकों के आश्रितों को ₹02-02 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रस्सी डालकर लोगों को खाई से निकलवाया और जिला अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया गया है। एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है और 41 लोग घायल हैं।

यह सभी लोग लखना देवी मंदिर के दर्शन करने के लिए पिनहाट-आगरा से आ रहे थे। उन्होंने बताया कि अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। थोड़ी देर में पहचान हो जाएगी। सभी घायलों को पहले इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

घायलों का आरोप है कि उन्हें सामने से आ रहे किसी ट्रक ने टक्कर मारी। जिसके बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर खाई मेें जा गिरी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डीसीएम की रफ्तार तेज थी। ड्राइवर मोड़ पर गाड़ी को संभाल नहीं सका। जिससे असंतुलित होकर डीसीएम पलट गई और खाई में जा गिरी।

 

Exit mobile version