भारत की मजबूत शुरुआत, रोहित की फिफ्टी 12 ओवर में 80 रन
मैनचेस्टर। भारत ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में संयमित शुरुआत की है। भारत का स्कोर12 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 80 रन है। केएल राहुल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। इस दौरान रोहित के बल्ले से कुछ चौके और छक्के निकल रहे हैं। दोनों ही बल्लेबाज कोई जोखिम नहीं उठा रहे और कमजोर गेंदों को सीमा पार भेज रहे हैं।
इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मैच से पहले हल्की बूंदा-बांदी हुई लेकिन यह थोड़े समय में ही बंद हो गई। भारत ने एक बदलाव कर चोटिल शिखर धवन की जगह विजय शंकर को टीम में शामिल किया।
शनिवार को भी मैनचेस्टर में बारिश हुई थी जिसके चलते मैदान का कुछ हिस्सा गीला था। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर में भी हल्की बारिश की संभावना है। इसके चलते टॉस महत्वपूर्ण हो गया है। बारिश की आशंका के बीच होने वाले इस मुकाबले पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टिकी हुई है। भारत वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में कभी भी पाकिस्तान से हारा नहीं है और विराट कोहली की टीम इंडिया इसी क्रम को बनाए रखने के इरादे से सरफराज अहमद की पाकिस्तान टीम के खिलाफ उतरेगी।
हर कोई यह जानने को बेताब है कि मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में बारिश तो नहीं होगी। भारत और पाकिस्तान वनडे वर्ल्ड कप में 6 बार आपस में भिड़े और हर बार टीम इंडिया विजयी हुई है। भारत इस वर्ल्ड कप में द. अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को हरा चुका है जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ा था। भारत 3 मैचों में 5 अंकों से साथ चौथे क्रम पर हैं। दूसरी तरफ पाकिस्तान को वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी और वह चार मैचों के बाद 3 अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें क्रम पर हैं।
आंकड़ों में पाकिस्तान भारी लेकिन हालिया प्रदर्शन भारत का अच्छा :
इन दो पड़ोसी देशों के बीच अभी तक 131 इंटरनेशनल वनडे मैच खेले जा चुके हैं जिनमें से पाकिस्तान ने 73 और भारत ने 54 मैच जीते हैं। इनके चार मैच बेनतीजा रहे थे। वैसे 2006 के पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपना वर्चस्व बनाए रखा था और उस समय तक इनके बीच हुए 101 मैचों में से पाक ने 62 मैच जीते थे जबकि भारत 35 मैच ही जीत पाया था। लेकिन 2006 की शुरुआत से स्थिति में बदलाव आया और भारत ने इसके बाद हुए 30 मैचों में से 19 मैच जीते जबकि पाक मात्र 11 मैच जीत पाया है।
टीमें – भारत : रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), विजय शंकर, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान: फखर जमान, इमाम उल हक, बाबर आजम, मोहम्मद हाफिज, शोएब मलिक, सरफराज अहमद (कप्तान), शादाब खान, हसन अली, इमद वसीम, वहाब रियाज, मोहम्मद आमिर।
।

