सोशल मीडिया में नई नई लिस्टें बढ़ा रही धड़कनें
जबलपुर,यभाप्र। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के टिकटों को लेकर पार्टी में घमासान मचा हुआ है। रोज नये दावेदार सामने आ रहे हैं। कई विधायकों की टिकट कटने की खबरों के कारण ही कई नए चेहरों ने ताल ठोंक दी है। हालाकि नेतृत्व ने यह तय कर लिया है कि प्रत्याशी चयन का आधार सिर्फ जीत ही होगी। इतना तय है कि 2013 की तुलना में बीजेपी कई नए चेहरे मैदान में उतारेगी। छंटाई का काम लगभग पूरा हो गया है, बस घोषणा होनी है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, नेतृत्व को जमीनी हकीकत का एहसास है। इसलिए नेतृत्व ऐसा रास्ता तलाश रहा है, जिसपर चलकर विधानसभा चुनाव जीता जा सके। यह रास्ता बदलाव का है। हम चेहरे बदलेंगे, नए चेहरों पर दांव लगाएंगे। ना तो 75 पार का फार्मूला चलेगा ना ही खानदान का नाम। सभी जाति और वर्ग का डेटा हमारे पास है। जबलपुर जिले की बात की जाए तो अधिकांश में 5से ज्यादा टिकट के लिए दावेदार है । टिकट के लिए दिल्ली, नागपुर, भोपाल तक के चक्कर पे चक्कर लगा रहे दावेदार, संगठन की हर बैठक पर नजर लगाए हुए हैं.इसलिए चयन में समस्या आ रही है लेकिन एक सप्ताह के भीतर सभी 230 नाम घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि सोशल मीडिया में रोज नई नई लिस्टें जारी होने से भाजपा नेताओं की धड़कनें बढ़ जाती हैं। लिस्ट की सत्यता जाने-परखे बगैर इस पर प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है, जिन लोगों का नाम लिस्ट में रहता है, वे और उनके कार्यकर्ता जश्न मनाने लगते हैं, जिनका नाम नहीं होता, वे मायूस होकर सामने वाले को कोसने में जुट जाते हैं. इस लिस्ट की सत्यता के बारे में संगठन द्वारा लगातार स्पष्टीकरण देकर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहा है,। लेकिन यह बात भी साफ है कि टिकट फाइनल होने का काम अंतिम चरणों में है, जिसे आलकमान तक भेजा जाएगा, उसके बाद दावेदारों के भाग्य का फैसला हो जाएगा.
भाजपा में रोज नए दावेदार आ रहे सामने

