जबलपुर। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (RI) करन सिंह लोधी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी जमीन के सीमांकन कार्य को करने के बदले में घूस की मांग कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, जबलपुर के संगम कॉलोनी निवासी रोहित जैन ने लोकायुक्त एसपी से इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके एक व्यवसायी मित्र ने शाहपुरा तहसील के ग्राम कुलोन में एक जमीन खरीदी थी। इस जमीन का सरकारी सीमांकन (नाप-जोख) कराने के एवज में शाहपुरा तहसील कार्यालय में पदस्थ 56 वर्षीय राजस्व निरीक्षक करन सिंह लोधी 1 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त ने बिछाया जाल
शिकायत की शुरुआती जांच और सत्यापन के दौरान, आरोपी आरआई करन सिंह लोधी 80 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। इसके बाद लोकायुक्त की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया।
मंगलवार को जैसे ही शिकायतकर्ता रोहित जैन ने जबलपुर के कटंगा क्षेत्र स्थित रतन कॉलोनी में करन सिंह लोधी को रिश्वत की रकम (80,000 रुपये) सौंपी, वैसे ही पहले से तैयार बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के हाथ धुलवाए, तो वे केमिकल के कारण गुलाबी हो गए।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त डीजी योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप टीम का नेतृत्व लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव और राहुल गजभिए ने किया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी करन सिंह लोधी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
