Site icon Yashbharat.com

बिहार रेजिमेंट का बिल्ला लगाया था उलटा, सेना के इलाके की फोटो लेते गिरफ्तार

yashbharat breaking

मध्य प्रदेश के महू शहर में सैन्य इलाके में एक व्यक्ति को वहां तस्वीरें लेने के दौरान मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। महू के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) विनोद शर्मा ने बताया कि सेना के इलाके में एक व्यक्ति को तस्वीरें लेने के दौरान सेना के लोगों द्वारा पकड़ा गया। सैन्य अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उस व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया है।

उन्होंने बताया कि पकड़े गये व्यक्ति की पहचान राजगढ़ जिले के निवासी मिथुन वर्मा के तौर पर हुई है। इस व्यक्ति को महू के छावनी क्षेत्र में बेवजह घूमते और वहां तस्वीरें लेते हुए पकड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि मिथुन बिहार रेजिमेंट की वर्दी पहने हुए था, जो सिपाही के रूप में अपनी रैंक दिखा रहा था। वह महू के आर्मी एरिया में माल रोड के पास अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें ले रहा था। जब सेना के खुफ़िया अधिकारियों को इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

शर्मा ने बताया कि अपना पहचान पत्र दिखाने का कहने पर उसने किसी अन्य सैनिक के आर्मी कैंटीन कार्ड की तस्वीर दिखाई। साथ ही उसकी टोपी पर बिहार रेजिमेंट का बिल्ला उलटा लगा था। उन्होंने बताया कि वह उस स्टेशन के बारे में भी जानकारी नहीं दे पा रहा था, जहां वह फिलहाल तैनात था।

उन्होंने कहा कि इन बातों के कारण सेना के अधिकारियों ने उससे सख्ती से पूछताछ की। इस पर उसने कबूल किया कि वह पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक कारखाने में सुरक्षा गार्ड है। उन्होंने बताया कि इसके बाद सेना के अधिकारियों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। महू पुलिस मामला दर्ज कर आगे जांच कर रही है।

Exit mobile version