बिहार के 23 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत, यूपी में 24 बने शिकार
पटना। बिहार में आधिकारिक जानकारी के अनुसार बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत हो गई है और वहीं उत्तर प्रदेश में 24 लोगों की मौत हुई है.
बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से शाम 6:30 बजे जारी आकंडों के मुताबिक़ गुरुवार को राज्य में आकाशीय बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हैं.
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ज़िलों से फ़ोन पर मिलने वाली जानकारी के आधार पर यह सूची जारी की है.
Image copyrightBIHAR GOVT
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार सबसे ज़्यादा मौतें गोपालगंज में हुई हैं जहां 13 लोग मारे गए हैं.
बिहार के क़रीब 23 ज़िले में बिजली गिरने से जान-माल का नुक़सान हुआ है. गोपालगंज के बाद मधुबनी और नवादा में 8-8 लोग मारे गए हैं. इसके अलावा सिवान में छह, भागलपुर में छह, पूर्वी चंपारण में पांच दरभंगा और बांका में पांच-पांच और पश्चिमी चंपारण में 2 लोगों की मौत की ख़बर है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुमार के कार्यालय की तरफ़ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में वज्रपात से मरे लोगों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की गई है.
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें और वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन की ओर से जारी गाइडलाइन का अनुपालन करें.
मुख्यमंत्री की ओर यह भी घोषणा की गई है कि मृतकों के परिजनों को चार – चार लाख रुपये की मुआवजे की राशि प्रदान की जाएगी.
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया, “अन्य सभी जिलों में हुए जान-माल के नुकसान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. कई जिलों में बिजली गिरने का प्रभाव ज़्यादा था, इसलिए संभव है कि नुकसान अधिक हुआ होगा.”
प्रत्यय अमृत ने यह भी कहा, “मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह का रहेगा. इसलिए लोगों को खुद से सावधानी बरतनी होगी. बारिश और वज्रपात के समय बाहर नहीं रहने के सुझावों का पालन करना होगा.”
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने आने वाले तीन दिनों में भी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.