
सिरोही। राजस्थान के सिरोही में शुक्रवार को बारिश के दौरान बाईपास पर बनी टनल में हादसा हो गया. बारिश के दौरान भी यहां मरम्मत का काम चल रहा था और इसी बीच मलबा गिरा और वहां काम कर रहे चार मजदूर दब गए. खबर लिखे जाने तक टनल के मलबे से तीन मजदूरों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं वहीं एक मजदूर की तलाश जारी है.
टनल में हादसे की सूचना के बाद एनएचआई की एम्बुलेंस और सिरोही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. प्रथमदृष्टिया मरम्म्त करने वाली कंपनी एलएंडटी की लापरवाही उजागर हुई है. बता दें कि पिछले सप्ताह ही जिला कलेक्टर बाबूलाल मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय यातायात प्रबंधन समिति की बैठक हुई थी जिसमें बारिश से पहले टनल की मरम्मत का काम निपटाने की हिदायत दी गई थी. लेकिन पिछले दो-तीन दिन से लगातार बारिश के बीच भी मरम्मत का काम जारी रखा गया.
प्रदेश में मानसून के आगमन के साथ ही सिरोही में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. जिले के कई इलाकों में लगातार बारिश से जलभराव की समस्या भी देखने को मिल रही है.








