‘बंद’ के लिए तैयार है PHQ, अतिरिक्त फोर्स तैनात, शांति बनाए रखने की अपील
भोपाल। सवर्ण आंदोलन के तहत गुरुवार को भारत बंद के एलान को देखते हुए PHQ सतर्क है.पूरे प्रदेश में हर ज़िले में धारा 144 लगा दी गयी है. बिना अनुमति धरना,प्रदर्शन, रैली पर प्रतिबंध रहेगा. पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं. ज़िलों में अतिरिक्त पुलिस बलतैनात किया गया है. लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की गयी है.
इंटेलिजेंस एडीजी राजीव टंडन ने बंद से निपटने के लिए भोपाल में बैठक ली. इसमें आईजी इंटेलिजेंस मकरंद देउस्कर, आईजी-लॉ इन आर्डर योगेश चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद थे. इसमें बंद के संबंध में मिले इनपुट के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की गयी.
बंद को देखते हुए PHQ मंगलवार को ही अलर्ट जारी कर चुका था. आईजी इंटेलिजेंस मकरंद देउस्कर के मुताबिक ज़िलों में आवश्यक और अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है. SAF की 34 कंपनियां सुरक्षा में तैनात की गयी हैं. इनके साथ 6000 नव आरक्षकों भी तैनात रहेंगे.
PHQ ने स्थानीय स्तर पर फिक्स पॉइंट और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं. कहीं भी बिना इजाज़त धरना प्रदर्शन या रैली पर रोक लगा दी गयी है. ग्वालियर-चंबल संभाग सहित कई ज़िलों में धारा 144 लागू कर दी गयी है. ज़रूरत पड़ने पर इंटरनेट सेवा भी बंद की जा सकती है.
पुलिस मुख्यालय को मध्य प्रदेश के 45 ज़िलों में बंद के प्रभावी असर का इनपुट मिला है. इस बंद का सपाक्स के साथ 35 संगठनों ने समर्थन किया है. इस इनपुट के बाद PHQ ने सभी संभागों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स मुहैया कराया है.
पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद ज़िला और संभाग स्तर पर आईजी और एसपी स्थिति के हिसाब से कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र हैं.ज़रूरत पड़ने पर इंटरनेट सेवा भी बंद की जा सकती है. ज़िला प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों के आधार पर धारा 144 लागू कर रहा है. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है.
कई ज़िलों में व्यापारी संगठनों ने बंद का समर्थन किया है. आईजी इंटेलिजेंस ने उम्मीद जताई है कि बंद शांतिपूर्ण रहेगा. लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गयी है.