
जम्मू: जम्मू में सेना के सुंजुवान स्टेशन पर शनिवार तड़के आतंकवादियों के फिदायीन हमले के बाद सेना प्रमुख बिपिन रावत ने आज रात यहां का दौरा किया और हमले तथा उसके बाद के अभियान की जानकारी ली। आर्मी कैंप में आतंकियों के खिलाफ सेना ने आज सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन की कमान रावत ने खुद संभाली है। सेना ने शनिवार रात को तीन आतंकी ढेर कर दिए थे लेकिन अभी दो के ही शव बरामद हुए हैं। वहीं सैन्य सूत्रों के मुताबिक फैमिली क्वार्टर में 1 या 2 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। सुरक्षाबलों ने फैमिली क्वार्टर में घेर लिया है। वहीं रात को भी रूक-रूक कर फायरिग होती रही।
आतंकियों को घेरने के लिए सेना ने मजबूत घेराबंदी की है। इस ऑपरेशन में चार एपीसी (आर्म्ड पर्सनल करियर) वाहन उतारे हैं। पूरे जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों की आशंका के चलते हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि रावत ने सैन्य स्टेशन कर दौरा कर पूरे मामले की जानकारी ली और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। प्रवक्ता ने बताया कि सुबह से चल रहे अभियान में अत्याधुनिक हथियारों से लैस दो आतंकवादी मारे गये हैं। ये आतंकवादी सेना की वर्दी में थे और ए के 56 असाल्ट राइफलों, गोला बारूद तथा हथगोलों से लैस थे। उनकी तलाशी से इस बात की पुष्टि हुई है कि वे जैश ए मोहम्मद के आतंकवादी हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान एक जेसीओ और एक जवान शहीद हो गए। प्रवक्ता ने कहा कि आवासीय परिसर के लगभग 150 मकानों की तलाशी पूरी हो गई है और महिलाओं, बच्चों तथा अन्य लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान की जगह पर महिलाओं और बच्चों के होने के कारण पूरी कार्रवाई बेहद सतर्कता तथा ऐहतियात के साथ की जा रही है। सेना के अनुसार चार से पांच आतंकवादियों ने आज तड़के चार बजकर 50 मिनट पर सेना के सुंजुवान स्टेशन में घुसपैठ की कोशिश की।








