फिर हड़ताल पर गए एमएसडब्ल्यू के कर्मचारी

कटनी। नगर में कचरा उठाने वाली एम.एस.डब्ल्यू की गाड़ियां आज सुबह फिर नहीं दिखीं। जगह-जगह कचरे के ढेर गाड़ी आने का इंतजार करते रहे पर तय समय गुजर जाने के बाद भी गाड़ियां नहीं पहुंची। बाद में पता चला कि भुगतान की मांग को लेकर एम.एस.डब्ल्यू के कर्मचारियों ने आज भी हड़ताल कर दी है।
खबर कलेक्टर तक भी पहुंची जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगर निगम आयुक्त को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के माध्यम से कचरा उठाने के लिए निर्देशित किया। तब कहीं जाकर सुबह 10 बजे के बाद कालोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों से कचरा उठाया गया।
गौरतलब है कि भुगतान की मांग को लेकर एम.एस.डब्ल्यू के कर्मचारियों का यह तीसरा आंदोलन है। इसके पहले भी कर्मचारियों ने वेतन भुगतान नहीं होने पर हड़ताल कर दी थी। कर्मचारियों की यह हड़ताल तीन दिन तक चलती रही और पूरा शहर गंदगी और कचरे के अंबार से पटा रहा बाद में महापौर ने हस्तक्षेप करते हुए लंबित वेतन का आंशिक भुगतान कराया था।
शेष भुगतान जल्द किये जाने के आश्वासन के बाद एम.एस.डब्ल्यू कर्मचारी काम पर वापस लौटे थे। आश्वासन पूरा न होने के बाद आज फिर कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी और कचरा नहीं उठाया। कचरा नहीं उठने और एम.एस. डब्ल्यू कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने की खबर कलेक्टर विशेष गढ़पाले तक पहुंची। उन्होंने आनन-फानन निगमायुक्त से दूरभाष पर संपर्क करते हुए निर्देशित किया कि नगर निगम के कर्मचारियों के माध्यम से कचरा उठवाया जाए।
कलेक्टर की पहल के बाद नगर निगम कर्मचारियों ने कचरा उठाया। बताया गया कि नगर निगम द्वारा समय पर एम.एस. डब्ल्यू को भुगतान कर दिया जाता है पर एम.एस. डब्ल्यू द्वारा राशि हैदराबाद से आने की बात कहकर सफाई कर्मचारियों का भुगतान लंबित रखा जाता है। जिसके चलते बार बार हड़ताल की नौबत आ रही। एम.एस. डब्ल्यू कर्मचारी कब तक हड़ताल पर रहेंगे यह भी नहीं पता पर इतना तय है कि अगर यही रवैया चलता रहा तो कटनी में स्वच्छ भारत स्वच्छ कटनी का सपना केवल सपना बनकर ही रह जाएगा।








