पूरा परिवार बाइक से जा रहा था भंडारे में स्कार्पियो ने कुचला, 4 की मौत
पिछोर (शिवपुरी)। पिछोर अनुविभाग अंतर्गत ग्राम गजौरा के निकट शुक्रवार सुबह हृदयविदारक सड़क हादसे में पति, पत्नी व उनके दोनों बेटों की मौत हो गई, जबकि बेटी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। हादसा तब घटित हुआ, जब पूरा परिवार एक ही बाइक पर सवार होकर अछरौनी से पिछोर रिश्तेदारी में आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन में शामिल होने जा रहे था।
जानकारी के अनुसार ग्राम अछरौनी निवासी बालकिशन ढीमर 38 साल अपनी पत्नी जयंती 35 साल व बेटे शिवम (10), बिल्लू (4) और बेटी प्रियंका (12) को बाइक पर बैठा कर पिछोर में रहने वाले अपने साढू के यहां शनिवार को आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन में शामिल होने जा रहा था।
जब वह ग्राम गजौरा के निकट पहुंचा, तभी सुबह करीब 10:15 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि पति, पत्नी सहित एक बेटे ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शिवम ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आखिरी सांस ली। वहीं बेटी प्रियंका को बेहद नाजुक स्थिति में ग्वालियर रैफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

