पुलगांव डिपो में विस्फोट में ओएफके एक कर्मी की भी मौत

सुबह 6 बजे की घटना 5 अन्य के मरने एवं10जख्मी की खबर खमरिया में पसरा सन्नाटा, टीम रवाना
जबलपुर विशेष प्रतिनिधि । महाराष्ट्र के वर्धा पुलगांव डिपो में बम परीक्षण के दौरान सुबह 6:00 बजे हुए भयानक विस्फोट में आयुध निर्माणी खमरिया के एफ- 3 में कार्यरत उदयवीर सिंह नामक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई साथ ही उसके साथ काम कर रहे ठेके के 6 मजदूरों के मरने की भी खबर है । खबर लगते ही खमरिया फैक्ट्री से ए जी एम जे. पी दास के साथ अधिकारियों कर्मचारियों की पांच सदस्यीय टीम सड़क मार्ग से पुल गांव के लिए रवाना हो गई है । घटना की खबर अभी मृत कर्मचारी उदयसिंह उदयवीर सिंह के पत्नी को नहीं दी गई है। पुलगांव जाने वाली दूसरी टीम में संभवत है उसकी पत्नी को भी भेजा जाएगा ।रांझी मानेगांव के चंपा नगर निवासी उदयवीर सिंह जो उत्तराखंड के चमोली के निवासी बताए जाते हैं कुछ ही वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी और उसके दो बच्चे भी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत दिनों खमरिया फैक्ट्री से 15 कर्मचारियों की टीम बम के परीक्षण हेतु पुलगांव रवाना हुई थी ।बताया जाता है कि पुलगांव में सुबह 5 बजे से बमों का विस्फोट का कार्य प्रारंभ कर दिया जाता है। जो सुबह 10 बजे तक जारी रहता है । नियमित प्रक्रिया के तहत उदयवीर सिंह आज भी ठेके के कर्मचारियों के साथ खमरिया में बने बी एम पी-2 बम का विस्फोट कर रहा था ।तभी सुबह करीब6 बजे भारी आवाज के साथ विस्फोट हो गया ।आवाज सुनते ही आस-पास के गांव के लोग वहां पहुंच गए और गांव उन्होंने परीक्षा स्थल को घेर लिया । घटना में खमरिया कर्मी उदयवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई ।साथ ही उसके काम कर रहे पांच अन्य लोगों की भी मरने की ख़बर बताई जाती है। खबरों के अनुसार ठेका श्रमिकों की अस्पताल जाते समय मौत हो गई है। लेकिन अभी इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं हो सकी है ।इस हादसे की खबर के बाद पूरी खमरिया फैक्ट्री में भी सन्नाटा पसर गया है। स्मरण हो कि विगत 23 अप्रैल 2018 को भी रिजेक्ट बमो के निरस्तीकरण के दौरान हुए विस्फोट में खमरिया में कार्यरत अजय पांडे की मौत हो गई थी।घटना के बाद कर्मचारियों मे रोष व्याप्त है।कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे खतरनाक कार्य के लिए अनुभवी कर्मचारियों को भेजा जाना चाहिए। मृत कर्मचारी महज दो वर्ष पूर्व ही नौकरी में आया था।उसकी परीवीक्षा अवधि भी पूरी नहीं हुई थी। बहरहाल कर्मचारी उदयवीर सिंह के परिजनों को खबर दे दी गई है।दोपहर में जे डब्ल्यू एम परम वीर सिंह के साथ उदय वीर सिंह की पत्नी को ट्रेन से वर्धा पुलगांव के रवाना किया गया है। खबर लिखे जाने तक जानकारी मिली है कि हादसे में खमरिया कर्मी सहित 6 लोगों की जानें गई है जबकि 10 अन्य गंभीर बताए जाते हैं।








