पीएम मोदी ने राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन, सिंधिया समेत कई भाजपा नेता मौजूद

पीएम मोदी ने राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन, सिंधिया समेत कई भाजपा नेता मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरवार को गुजरात में राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राजस्थान में पीएम मोदी ने गहलोत सरकार और कांग्रेस पर साधा जमकर निशाना
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने आज राजस्थान के सीकर में थे। यहां से उन्होंने किसान सम्मान निधि की किश्त जारी की। इसके अलावा सीकर सहित प्रदेश के पांच मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन और सात का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान किसान समृद्धि केंद्र की शुरुआत भी की। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित भी किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने राज्य की गहलोत सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लाल डायरी से लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ तक को अपने निशाने पर लिया। प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाए।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने ‘I.N.D.I.A’ गठबंधन को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा- विपक्षी दलों ने ये नाम रखकर दुश्मनों जैसा तरीका अपनाया है। इंडिया नाम तो ईस्ट इंडिया कंपनी में भी था। इंडिया नाम भारत भक्ति दिखाने के लिए नहीं था, बल्कि देश को लूटने के इरादे से लगाया गया था। इसी तरह यूपीए का नाम बदला गया है ताकि ये कर्ज माफी के नाम पर किसानों से विश्वासघात छिपा सकें।
नाम बदलकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मूर्ख बना रहे
पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने बदलकर नया पैंतरा चला है। पहले के जमाने में अगर कोई पीढ़ी या कंपनी बदनाम हो जाती थी तो कंपनी वाले नाम बदलकर नया बोर्ड लगाकर अपना काम शुरू कर देते थे। कांग्रेस और उनके सहयोगी दल ऐसे फ्रॉड कंपनियों की नकल कर रही है। यूपीए से नाम बदलकर ‘I.N.D.I.A’ कर दिया है। ये नाम इसलिए बदला ताकि कर्ज माफी के नाम पर किसानों से किया गया विश्वासघात और छल कपट को छिपा सकें। आतंकवाद के आगे घुटने टेकने की बात छिपा सकें।








