पीएम मोदी को दिग्विजय की सलाह- मुझे फॉलो करें, बताऊंगा सही राह

दिग्विजय सिंह ने लिखा कि कि मोदी जी आप मगहर कबीर की समाधि पर गए और आपने लंबा चौड़ा बेतुका और ऐतिहासिक मिथ्या पर आधारित भाषण अपनी चिर परिचित शैली में ठोक दिया. अगर वाक़ई आप कबीर की वाणी और विचार से प्रभावित हैं तो उनके कुछ दोहे आपको भेज रहा हूं. इसके बाद उन्होंने एक दोहा भी लिखकर भेजा…
आपस में दोउ लड़ी-लड़ी मुए, मरम न कोउ जाना
और विशेष आपके लिए
बोया बीज बबूल का तो
आम कहां से होए
दिग्विजय सिंह ने यह भी लिखा कि आपसे प्रार्थना है कि देश भर में नफरत का बीज बोने के बजाय प्रेम सद्भाव और अहिंसा का बीज बोएं. महावीर गौतम बुद्ध, गुरु गोरखनाथ, कबीर, गुरु नानक देव और महात्मा गांधी के विचार व कथनों से प्रेरणा लें, नाकि गोडसे, गोलवलकर और सावरकर से.
बता दें कि प्रसिद्ध संत कबीर दास के 500वें प्राकट्य उत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मगहर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी. इस दौरान उन्होंने संत कबीर के बहाने अपने सियासी विरोधियों पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस के अलावा उत्तर प्रदेश की दो बड़े विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर सत्ता की लालच में एकसाथ आने का आरोप लगाया.







