पीएम को राहुल गांधी का जवाब- ‘मेरी मां ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं’

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बीजेपी पर निजी हमले करने का आरोप लगाया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी असली मुद्दों को छोड़कर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति पर उतर गई है. उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने आधारभूत मुद्दों पर प्रचार किया है, लेकिन बीजेपी यह बताने में नाकामयाब रही कि वे प्रदेश के लिए क्या करेंगे. पीएम द्वारा सोनिया गांधी को विदेशी महिला बताने के मुद्दे पर भी उन्होंने बीजेपी को जवाब दिया.

पढ़िए राहुल गांधी के भाषण की मुख्य बातें…

सोनिया गांधी के इतालवी होने के आरोप पर राहुल गांधी ने कहा, “मेरी मां किसी अन्य भारतीय के मुकाबले ज्यादा भारतीय हैं. मेरी मां ने इस देश के लिए कुर्बानियां दी हैं, उन्होंने भारत के लिए मुश्किलें सही हैं.”

राफेल डील पर प्रधानमंत्री को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा, “यह डील सिर्फ पीएम और उन व्यापारी दोस्तों के लिए फायदेमंद थी, जिन्होंने आजतक हवाई जहाज नहीं बनाया.”

राहुल ने कहा, “किसी समुदाय को फायदा पहुंचाने और उन्हें दबाने में फर्क होता है. बीजेपी दलितों और अल्पसंख्यकों को कुचल रही है और उनकी हत्या कर रही है.”

कांग्रेस को आगे बढ़ता देख बीजेपी घबरा गई है. चुनावों का एक ही नतीजा है कि कांग्रेस जीतेगी. आरएसएस की तरफ से हरेक संस्था पर हमला किया जा रहा है. आरएसएस कर्नाटक के गौरव को खत्म कर रही है. – राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलवाना सबसे बड़ी चुनौती होगी. उन्होंने बीजेपी सरकार की विदेश नीति पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, “चीन भी तेजी से बढ़ रहा है. हम ऐसे माहौल में हैं, जहां सही विदेश नीति की ज़रूरत है.”

राहुल ने कहा, “जब पीएम मेरे बारे में बात करते हैं तो यह अपमानजनक है. लेकिन मैं उन्हें मुद्दों से भटकाने नहीं दूंगा. मैंने सीख लिया है कि उनसे कैसे निपटा जाए. मैं चाहूंगा कि पीएम कर्नाटक के किसानों की बात करें.”

यह चुनाव दो विचारधाराओं के बीच है. एक तरफ आरएसएस है, जो एक राष्ट्र विचारधारा में यकीन रखती है और इसे मानने को मजबूर करती है – राहुल गांधी

चीन के डोकलाम में घुसने के बावजूद पीएम वहां गए, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कोई बात नहीं की. हमारी विदेश नीति को नुकसान पहुंच रहा है क्योंकि पीएम इसे गलत तरीके से संभाल रहे हैं – राहुल गांधी

महिलाओं के खिलाफ अत्याचार निश्चित तौर पर राजनीतिक मुद्दा है. क्या देश की महिलाओं से बलात्कार होता रहे और वो चाहते हैं कि राजनीतिक दल इस पर चुप रहें? : कांग्रेस अध्यक्ष

जब रोहित वेमुला को मारा गया, ऊना में दलितों को पीटा गया तो मोदी जी ने एक शब्द भी नहीं कहा  : कांग्रेस अध्यक्ष

रेड्डी ब्रदर्स ने 35000 रुपये कर्नाटक की जनता से चोरी किये हैं. एक तरफ ईमानदार सिद्धारमैया जी हैं और दूसरी तरफ जेल से निकले हुए लोग हैं : कांग्रेस अध्यक्ष

Exit mobile version